बसपा ने खेला पहला चुनावी दांव, मुहम्मदाबाद गोहना (सु.) से जेके आजाद बने प्रभारी प्रत्याशी

0 News Eye India


मऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच बहुजन समाज पार्टी ने मऊ जिले में अपना पहला बड़ा चुनावी दांव चलते हुए मुहम्मदाबाद गोहना (सुरक्षित) विधानसभा क्षेत्र-355 से अक्षयदीप उर्फ जेके आजाद को प्रभारी प्रत्याशी घोषित कर दिया। रविवार को मुहम्मदाबाद गोहना के पूर्वी रेलवे फाटक के समीप आयोजित विशाल कार्यकर्ता महासम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह घोषणा की गई। राजनीतिक जानकारों की मानें तो बसपा जिस नेता को प्रभारी प्रत्याशी घोषित करती है, अधिकांश मामलों में वही विधानसभा चुनाव का अधिकृत प्रत्याशी भी बनता है। ऐसे में इस घोषणा को जिले की चुनावी राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। इस दौरान मौसम में भी करवट लिया और झमाझम बारिश भी हुई लेकिन बहुजन कार्यकर्ताओं का कदम नहीं डिगा और सभी प्रभारी प्रत्याशी के नाम की घोषणा होने तक डटे रहे।


सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं पूर्व एमएलसी तथा राज्यसभा सदस्य रहे आजमगढ़ मंडल के मुख्य प्रभारी दिनेश चंद्रा ने अक्षय दीप उर्फ जेके आजाद के नाम की औपचारिक घोषणा की। इसके साथ ही मऊ जिले की चारों विधानसभा सीटों में सबसे पहले मुहम्मदाबाद गोहना सीट पर बसपा ने अपना चुनावी चेहरा स्पष्ट कर दिया।


प्रभारी प्रत्याशी घोषित होने के बाद जेके आजाद ने पार्टी सुप्रीमो बहन मायावती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताना उनके लिए सम्मान की बात है और वह संगठन की अपेक्षाओं पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी अनुशासन आधारित संगठन है और पार्टी नेतृत्व तथा संगठन के निर्देशों के अनुसार ही आगे की रणनीति तय की जाएगी।


अपने संबोधन में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा, "लोग कहते थे कि हाथी बैठ गया है, शांत हो गया है। लेकिन जब हाथी उठता है तो पूरे जंगल में हलचल मच जाती है। आज का यह कार्यकर्ता सम्मेलन उसी ताकत का संकेत है।"

स्थानीय कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किए जाने के सवाल पर जेके आजाद ने कहा कि पार्टी में सर्वोपरि आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष का होता है और सभी कार्यकर्ता उसी का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी साथी को कोई नाराजगी है तो संगठन के स्तर पर बैठकर बातचीत के माध्यम से सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया जाएगा।


2027 विधानसभा चुनाव के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास कराना तथा आम जनता की समस्याओं को सुनकर न्याय की लड़ाई लड़ना होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के दौरे में कई स्थानों पर सड़क और बुनियादी सुविधाओं की कमी देखने को मिली है, जिसे दूर कराने के लिए गंभीरता से कार्य किया जाएगा।


महासम्मेलन में जिलाध्यक्ष शैलेंद्र उर्फ सिंटू, इंदु चौधरी, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता 'डायमंड', डॉ. धर्म सिंह गौतम (पूर्व बसपा प्रत्याशी), पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बसपा भीम राजभर, राजविजय, ओमप्रकाश दीवाना, रवि राज बौद्ध, चेयरमैन अरशद जमाल, पूर्व राज्यसभा सांसद सालिम अंसारी, राजेंद्र यादव, अमरनाथ चौहान, हरिनाथ प्रसाद, रमेश राजभर, नवमी प्रधान, शाहिबा अंसारी, राहुल बोधांकर, अभयदीप, प्रदीप कुमार सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.