प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही के सामने भाजपा कार्यकर्ताओं ने रखी प्रशासनिक कार्यप्रणाली की जमीनी हकीकत

0 NV INDIA


जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के आवास और सर्किट हाउस में हुई सांगठनिक एवं प्रशासनिक विषयों पर महत्वपूर्ण बैठक


बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं बस्ती जिले के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही के जनपद आगमन पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठनात्मक गतिविधियों तथा जिले के वर्तमान हालात की जानकारी ली।



प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र के आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान जिले के राजनीतिक, रचनात्मक, सांगठनिक एवं प्रशासनिक विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने प्रभारी मंत्री को संगठन की कार्यप्रणाली और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में संगठन की गतिविधियां सक्रिय रूप से संचालित हो रही हैं।


चर्चा के दौरान जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि जिले के कुछ अधिकारी और कर्मचारी मनमानी पर आमादा हैं, जिससे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने में बाधा उत्पन्न हो रही है। जनहित के कार्यों में लापरवाही और निजी स्वार्थ को प्राथमिकता दिए जाने से आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


जिलाध्यक्ष के आवास के बाद प्रभारी मंत्री ने सर्किट हाउस में जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों, नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी प्रशासनिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि जनता से सीधे जुड़े बस्ती विकास प्राधिकरण, नगर पंचायत, नगर पालिका, तहसील (राजस्व), पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी सरकार की पारदर्शी मंशा के विपरीत कार्य कर रहे हैं। कार्यों में टालमटोल और लापरवाही के कारण आम जनता को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ रहा है।


भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रभारी मंत्री से प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार कराने और जनहित के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने जिलाध्यक्ष और कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार का भरोसा दिलाया।


बैठक में प्रत्युष विक्रम सिंह, भानु प्रकाश मिश्रा, अखंड प्रताप सिंह, वीरेंद्र गौतम, ब्रह्मदेव यादव देवा, दिलीप पाण्डेय, शिवानी सिंह, शालिनी मिश्रा, अमृत कुमार वर्मा, अभिषेक कुमार गौतम, प्रेम प्रकाश चौधरी, सुनील सिंह, राकेश शर्मा, राजेंद्र राजभर, नीलम गौड़, प्रदीप निषाद, सुरेंद्र कुमार चौधरी, सुधाकर पाण्डेय नीरज, विनय सिंह भारद्वाज, राधेश्याम कमलापुरी, रवि कुमार तिवारी, अजयपाल सिंह, नीरज त्रिपाठी, राजेश कमलापुरी, कमेन्द्र चौहान, शिव प्रसाद चौधरी, रामायण सिंह, दुष्यंत विक्रम सिंह, विनय यादव, सुशील सिंह, चंद्रमणि पांडेय, राकेश श्रीवास्तव, प्रमोद पाण्डेय, पुष्करादित्य सिंह, राजेंद्र गौड़, यशकांत सिंह, अनिल दूबे, प्रमोद चौधरी गिल्लम, नागेंद्र सिंह सिंकू सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.