शिक्षा के साथ संस्कार और तकनीक पर जोर, बच्चों की प्रगति को लेकर शिक्षकों-अभिभावकों में हुआ सार्थक संवाद
बस्ती। राजन इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन (पीटीएम) का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति और रिपोर्ट कार्ड की जानकारी ली। शानदार परीक्षा परिणाम और विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन को देखकर अभिभावकों में खुशी देखने को मिली। कई अभिभावक अपने बच्चों की उपलब्धियां देखकर भावुक भी नजर आए।
अभिभावकों ने विद्यालय की शिक्षण पद्धति, अनुशासन और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। वहीं, कुछ अभिभावकों ने विद्यालय की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए। प्रबंधन ने सुझावों को सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए आवश्यक सुधार का भरोसा दिलाया।
एकेडमी की निदेशक शिखा चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता शिक्षकों की मेहनत, समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अधिक से अधिक बच्चों तक पहुंचाना रहा है। इसी उद्देश्य के तहत विद्यार्थियों से प्रवेश एवं परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाता और यह व्यवस्था आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि प्रत्येक बच्चे की रुचि, क्षमता और जरूरत को समझने का प्रयास करते हैं। प्रैक्टिकल एवं एक्टिविटी आधारित शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों को विषयों की बेहतर समझ विकसित करने और पढ़ाई को वास्तविक जीवन से जोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है।
निदेशक ने कहा कि एकेडमी का लक्ष्य केवल आर्थिक लाभ अर्जित करना नहीं, बल्कि शिक्षा के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना है। संस्थान उनके दादाजी के सपने को साकार करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। वर्तमान में विद्यालय में 3000 से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और 100 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाएं आधुनिक तकनीक के माध्यम से उन्हें शिक्षित कर रहे हैं।
कार्यकारी निदेशक संजीव पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना संस्थान की सर्वोच्च प्राथमिकता है। तकनीक के तेजी से बदलते दौर में बच्चों को आधुनिक तकनीकी ज्ञान से जोड़ना आवश्यक है। सत्र 2026-27 में कंप्यूटर साइंस के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंग्लिश स्पीकिंग पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि विद्यार्थी भविष्य की शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
प्रधानाचार्य सानू एंटोनी ने बताया कि इस वर्ष यूनिट टेस्ट में विद्यार्थियों का प्रदर्शन बेहद उत्साहजनक रहा। इसी उपलब्धि के साथ अभिभावकों को बच्चों की प्रगति से रूबरू कराने के उद्देश्य से पीटीएम आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि अभिभावकों का विश्वास कायम रखना विद्यालय प्रबंधन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए कंप्यूटर कोर्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंग्लिश स्पीकिंग क्लास और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जैसी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा विद्यालय से करीब 25 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित परिवहन व्यवस्था विकसित की जा रही है। स्कूल बसों में जीपीएस सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे अभिभावक अपने बच्चों की यात्रा और सुरक्षा पर नजर रख सकेंगे।
विद्यालय में हर माह मूल्यांकन परीक्षा और प्रत्येक तीन माह में शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जाती है। इससे विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर नजर रखने के साथ उनकी कमियों को समय रहते दूर करने का प्रयास किया जाता है। बेहतर प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को समय-समय पर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाता है।
राजन इंटरनेशनल एकेडमी में विद्यार्थियों के लिए आधुनिक सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया है। वातानुकूलित परिसर के साथ यहां क्रिकेट एकेडमी, अत्याधुनिक साइंस लैब, दो कंप्यूटर लैब, इंडोर गेम्स, प्रेयर ग्राउंड, स्मार्ट क्लास और न्यूज पेपर रीडिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इन सुविधाओं का उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित रखने के बजाय उनके शैक्षणिक, मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास को गति देना है।
पीटीएम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई, व्यवहार, रुचि और भविष्य की संभावनाओं को लेकर विस्तार से संवाद किया। शानदार परिणाम, आधुनिक शिक्षण पद्धति और अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी के बीच आयोजित यह सम्मेलन विद्यालय और अभिभावकों के बीच विश्वास एवं बेहतर समन्वय को मजबूत करने वाला साबित हुआ।




