Mau News: तमंचे की नोक पर दो महिलाओं से चेन लूट, बाइक सवार बदमाश फरार

0 News Eye India


मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय अंडरपास के पास सुबह टहलने निकली थीं दोनों महिलाएं, तीन नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस ने गठित की तीन टीमें, CCTV फुटेज खंगाल रही


मऊ, सोने के बढ़ते दाम के बीच सुबह की सैर पर निकलने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय अंडरपास के पास मंगलवार सुबह बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर दो महिलाओं से चेन और लॉकेट लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने महिलाओं के साथ मारपीट भी की और वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।





जानकारी के अनुसार, कस्बा खास घोसी क्षेत्र की रहने वाली दोनों महिलाएं एक ही परिवार की बताई जा रही हैं। वे रोजाना की तरह मंगलवार सुबह टहलने निकली थीं। नदवासराय अंडरपास के पास पहुंचते ही बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा दिखाकर महिलाओं को भयभीत किया और उनके गले से चेन व लॉकेट छीन ले गए।


पीड़िता चंदा देवी और सीमा के मुताबिक, वह सुबह करीब 4:30 बजे टहलने निकली थीं। इसी दौरान काले कपड़े पहने तीन बदमाश वहां पहुंचे और कनपटी पर कट्टा लगाकर चेन तोड़ने लगे। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। बदमाश चेन का कुछ हिस्सा लेकर मौके से फरार हो गए, जबकि कुछ हिस्सा उनके पास रह गया। घटना के बाद दोनों महिलाओं ने पुलिस को सूचना दी और कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आसपास के लोगों से जानकारी जुटा रही है।



घोसी के क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि नदवासराय अंडरपास के पास टहलने निकली दो महिलाओं से बाइक सवार बदमाशों ने चेन और लॉकेट छीन लिया। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बदमाशों के भागने वाले संभावित रास्तों की पड़ताल कर रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश भी दे रही हैं। घटना के बाद इलाके में सुबह टहलने निकलने वाले लोगों और स्थानीय महिलाओं में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.