Mau में एक दोस्त की पत्नी, दूसरे की प्रेमिका से संबंध... तीसरे दोस्त की मौत का बना कारण!

0 News Eye India



मऊ जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव के पास झाड़ियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि अवैध संबंधों को लेकर उपजे विवाद में दो दोस्तों ने मिलकर अपने ही तीसरे दोस्त की हत्या कर दी। वारदात के बाद पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


अपर पुलिस अधीक्षक अनुप कुमार ने बताया कि हलधरपुर थाना क्षेत्र निवासी बलवंत सिंह का शव मंगलवार दोपहर गहनी-गहना मार्ग के किनारे झाड़ियों में मिला था। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। शव मिलने की खबर से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

परिजनों के अनुसार, अविवाहित बलवंत सिंह सोमवार देर शाम घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित नलकूप पर सोने की बात कहकर निकला था, लेकिन रातभर वापस नहीं लौटा। मंगलवार सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने झाड़ियों में शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मृतक के पिता प्रदीप सिंह की तहरीर पर हलधरपुर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।


पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी सर्विलांस और पूछताछ के आधार पर विवेक सिंह उर्फ सिट्टू सिंह और देवेंद्र यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से हत्या की बात स्वीकार कर ली।


एएसपी अनुप कुमार के अनुसार, जांच में सामने आया कि मृतक के अपने एक दोस्त की पत्नी तथा दूसरे दोस्त की प्रेमिका से कथित अवैध संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों आरोपी उससे नाराज थे और उसे रास्ते से हटाने की योजना बना चुके थे। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत दोनों ने बलवंत को शराब पीने के बहाने बुलाया। नशे की हालत में बेसबॉल बैट से उस पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गहनी गांव के पास झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए, ताकि घटना को अज्ञात हत्या या दुर्घटना का रूप दिया जा सके।


पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.