News: कांवड़ अवकाश, समायोजन, जनगणना मानदेय को लेकर शिक्षकों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

0 NV INDIA

 


बस्ती। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्य्क्ष चन्द्रिका सिंह व  मंत्री बालकृष्ण ओझा के नेतृत्व में सोमवार को संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को तीन सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर कांवड़ मेले के दौरान विद्यालयों में अवकाश घोषित करने, शिक्षामित्रों के समायोजन तथा जनगणना कार्य का लंबित पारिश्रमिक भुगतान कराए जाने की मांग की।

   ज्ञापन में कहा गया कि कांवड़ मेले के दौरान भारी भीड़ और रूट डायवर्जन के कारण शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को विद्यालय आने-जाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 8 अगस्त से 12 अगस्त तक परिषदीय विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए। इसके अलावा, संगठन ने मांग की कि दूरस्थ विद्यालयों में कार्यरत शिक्षामित्रों को उनके मूल विद्यालय अथवा निवास स्थान के निकट स्थित विद्यालयों में समायोजित अथवा स्थानांतरित किया जाए, ताकि वे बेहतर ढंग से अपने शैक्षिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

शिक्षक संघ ने तहसील हर्रैया एवं बस्ती सदर में जनगणना कार्य पूरा कर चुके शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों के लंबित पारिश्रमिक और मानदेय का मुद्दा भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि कार्य पूर्ण होने के बावजूद संबंधित कर्मियों को अब तक भुगतान नहीं हो सका है। संघ ने जिलाधिकारी से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित कराने की मांग की।जिला संयुक्त मंन्त्री प्रवीण श्रीवास्तव, सुरेश गौड़,  हरेंद्र यादव, सनद पटेल, बृजेश त्रिपाठी, अनूप सिंह, सुधीर तिवारी, विजय यादव, अशोक यादव, रवि सिंह, राजेश गिरी, रजनीश यादव, संजय यादव, आशुतोष राठौर, राजेश सिंह,राम ललित,अविनाश दूबे,  रमाकांत,  शिक्षा मित्र संघ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र शुक्ल उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.