Basti : वाल्टरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह आत्महत्या मामले में तीन गिरफ्तार, हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग के आरोप

0 NV INDIA

 


बस्ती। वाल्टरगंज के पूर्व थानाध्यक्ष स्वर्गीय सूर्य प्रकाश सिंह की आत्महत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर प्रताड़ना, ब्लैकमेलिंग और हनीट्रैप के जरिए धन उगाही का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो वाहन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, सूर्य प्रकाश सिंह ने 29 अगस्त 2026 को बस्ती कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अपने सरकारी आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके पुत्र संदीप सिंह की तहरीर पर 5 सितंबर को थाना कोतवाली बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 387/2026, धारा 108 व 3(5) बीएनएस के तहत प्रियंका चौधरी, उसके पिता रामनयन चौधरी और विजय प्रकाश के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को 6 सितंबर की सुबह करीब 7:55 बजे सदर अस्पताल के सामने से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रियंका चौधरी पत्नी महेन्द्र चौधरी निवासी बावनपार, थाना पैकोलिया, हाल निवासी गंधार थाना वाल्टरगंज, रामनयन चौधरी निवासी गंधार तथा विजय प्रकाश निवासी पिपरा काजी थाना पैकोलिया शामिल हैं।

हनीट्रैप के जरिए धन उगाही का आरोप

पुलिस की पूछताछ और जांच के अनुसार प्रियंका चौधरी पर आरोप है कि वह मुंबई में ब्यूटी पार्लर एवं स्पा सेंटरों में काम करती थी और कथित तौर पर पैसे वाले लोगों को अपने संपर्क में लेकर वीडियो-ऑडियो तैयार कर हनीट्रैप के जरिए ब्लैकमेल करती थी। पुलिस का दावा है कि वीडियो कॉल और चैटिंग के माध्यम से लोगों से धन की मांग की जाती थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसके पिता रामनयन चौधरी और विजय प्रकाश कथित रूप से इस पूरी गतिविधि में सहयोग करते थे।

पुलिस के अनुसार अब तक चार लोगों को कथित रूप से हनीट्रैप में फंसाकर धन उगाही किए जाने की जानकारी सामने आई है। इनमें डॉ. उमेश से चार लाख रुपये, अहमद रजा से पांच लाख रुपये और आर्यन दीक्षित उर्फ जितेन्द्र दीक्षित से करीब 15 लाख रुपये की उगाही किए जाने का पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के मुताबिक इस संबंध में दर्जनों अन्य लोगों के बारे में भी जांच जारी है।

सूर्य प्रकाश सिंह से संपर्क की भी जांच

पुलिस ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण में मृतक सूर्य प्रकाश सिंह का संपर्क प्रियंका चौधरी और विजय प्रकाश से होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार घटना वाले दिन के कॉलिंग पैटर्न की भी जांच की गई है और विजय प्रकाश द्वारा दोपहर 1:41 बजे सूर्य प्रकाश सिंह को अंतिम कॉल किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि कथित प्रताड़ना से परेशान होकर सूर्य प्रकाश सिंह ने आत्महत्या की।

जांच में यह भी सामने आने का दावा किया गया है कि करीब दो वर्ष पूर्व कथित हनीट्रैप से प्राप्त धन से प्रियंका चौधरी ने बोलेरो वाहन खरीदा था। पुलिस ने इसी वाहन UP51BN 5805 को बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, कॉल डिटेल और अन्य तथ्यों की जांच जारी है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की गई।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजानन्द सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक जयविन्द सिंह, सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, हेड कांस्टेबल देवेश, कांस्टेबल किशन सिंह, संतोष कुमार, स्कन्द यादव और राकेश यादव शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.