बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़, मजबूत बूथ से ही सुनिश्चित होगी विजय : रजनी पाण्डेय

0 NV INDIA


बड़हर कला के बेलाडे शुक्ल बूथ पर बूथ सत्यापन में शत-प्रतिशत समिति उपस्थिति की सराहना

बस्ती: भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री रजनी पाण्डेय ने गुरुवार को वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय सुदामा के प्रभार क्षेत्र के बड़हर कला शक्ति केंद्र अंतर्गत बेलाडे शुक्ल में गिरजेश शुक्ल के घर पर सभी बूथों व बूथ कमेटी  का सत्यापन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र एवं जिला महामंत्री अमृत वर्मा भी उपस्थित रहे। प्रदेश मंत्री ने बूथ समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए बूथ की संरचना, समिति की सक्रियता तथा आगामी कार्ययोजना की जानकारी ली।

बूथ समिति की शत-प्रतिशत उपस्थिति, विशेष रूप से मातृशक्ति की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए रजनी पाण्डेय ने कहा कि भाजपा संगठन में बूथ अध्यक्ष का दायित्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। “बूथ अध्यक्ष पार्टी की रीढ़ की हड्डी हैं। बूथ समिति जितनी संतुलित, सक्रिय और मजबूत होगी, पार्टी उतनी ही मजबूती से बूथ पर विजय प्राप्त करेगी।”

उन्होंने कहा कि बड़हर कला शक्ति केंद्र के अंतर्गत बूथों की संगठनात्मक संरचना को देखकर प्रसन्नता हुई। मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, शक्ति केंद्र संयोजक एवं शक्ति केंद्र प्रभारी द्वारा बूथ संरचना को मजबूत बनाए रखने के प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर जनसंपर्क करते हुए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने कहा कि “चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामाजी’ जिस कार्य को हाथ में लेते हैं, उसे पूर्ण मनोयोग से करते हैं। इसी समर्पण और संगठनात्मक भाव के साथ हम सभी को कार्य करते हुए उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचण्ड बहुमत की लोककल्याणकारी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ना है।”

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में चन्द्रमणि पाण्डेय सुदामा ने व्यक्तिगत रूप से 42 बूथों पर चौपाल लगाकर जनसंपर्क किया, जिनमें 36 बूथों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित कराने में भूमिका निभाई। इस अनुभव से सीख लेते हुए इस बार कार्यकर्ताओं को और अधिक सक्रियता के साथ बूथ स्तर पर काम करना होगा।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का वास्तविक संगठनात्मक आधार उसका बूथ कार्यकर्ता है। “हमारे बूथ अध्यक्ष और बूथ समितियों के कार्यकर्ता शक्ति केंद्र के प्रत्येक बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प के साथ कार्य करेंगे। हमारा प्रयास होगा कि इस बार पहले से बेहतर परिणाम सामने आएं और जनपद की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराए।”

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि योगेन्द्र सिंह, मंडल अध्यक्ष शिव चरण जायसवाल, मंडल प्रभारी राजेश त्रिपाठी, शक्ति केंद्र संयोजक देवशरण शुक्ल, बूथ अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ल, अनिल शुक्ल, विमल पाण्डेय, दुर्गा प्रसाद पाण्डेय, सुरेंद्र सोनकर, पूर्व जिला मंत्री आनंद प्रताप सिंह, जिला मंत्री विनय भारद्वाज, मंडल उपाध्यक्ष रामललित उपाध्याय, पूर्व ग्राम प्रधान रामलौट शुक्ल, अवधेश शुक्ल सहित विभिन्न बूथ समितियों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.