थाना मुहम्मदाबाद गोहना में नाबालिक छात्रा के गायब होने पर मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
मऊ: थाना मुहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र स्थित किंग्स ईडन विद्यालय में कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक नाबालिक छात्रा के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़िता मूल रूप से घोसी (मऊ) की रहने वाली है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छात्रा की तलाश शुरू कर दी है।
टैबलेट जब्त होने के बाद विद्यालय से हुई लापता
लापता छात्रा के पिता के अनुसार, उनकी पुत्री रोज की तरह स्कूल वाहन से विद्यालय गई थी। वह घर से अपने साथ एक टैबलेट भी ले गई थी, जिसे विद्यालय प्रबंधन ने जब्त कर लिया और कहा कि अभिभावक के आने पर ही इसे लौटाया जाएगा।
छुट्टी के समय जब स्कूल बस चालक ने छात्रा से घर चलने को कहा, तो उसने बताया कि उसके पिता उसे लेने आ रहे हैं और वह उन्हीं के साथ घर जाएगी। हालांकि, इसके कुछ ही देर बाद छात्रा बिना किसी को बताए विद्यालय परिसर से कहीं चली गई।
परिजनों की सूचना पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
छात्रा के काफी देर तक घर न पहुंचने पर चिंतित परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर पूछताछ की और आसपास काफी खोजबीन की। बेटी का कोई सुराग न मिलने पर पिता ने थाना मुहम्मदाबाद गोहना में लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया है और छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।



