Mau मुहम्मदाबाद रेलवे स्टेशन व्यवस्था देख डीआरम भडके

0 Vipin kumar singh

 पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने शनिवार दोपहर करीब 12 बजे मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टेशन पर अव्यवस्थाएं मिलने पर उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सुधार के निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पाया कि रेलवे स्टेशन पर महिलाओं के लिए अलग शौचालय की व्यवस्था नहीं है। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को तुरंत महिलाओं के लिए शौचालय की सुविधा देने को कहा। यात्रियों के लिए लगे पीने के पानी के नल भी खराब मिले।


शौचालयों में गंदगी और अव्यवस्था देखकर डीआरएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधूरे कामों को जल्दी पूरा करने को कहा। उन्होंने दिव्यांग यात्रियों के लिए प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो और तीन तक पहुंचने के लिए ट्रॉली पथ बनाने के निर्देश भी दिए।


इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष छोटू प्रसाद ने डीआरएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने स्टेशन के पूर्वी और पश्चिमी छोर पर यात्रियों के लिए शेड बनाने की मांग की। उन्होंने महिलाओं के लिए शौचालय बनाने और प्लेटफॉर्म नंबर दो पर बने शौचालय की निकासी व्यवस्था ठीक करने की मांग भी रखी। उन्होंने बताया कि निकासी की सही व्यवस्था न होने से वहां गंदगी फैली रहती है।


उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष जगदीश प्रसाद गुप्ता, मनोज कुमार कश्यप और अनमोल साहू ने भी डीआरएम से मुलाकात की। उन्होंने गरीब नवाज एक्सप्रेस का मुहम्मदाबाद गोहना स्टेशन पर तीन मिनट का ठहराव करने की मांग की।


वहीं, दिव्यांग कल्याण सेवा ट्रस्ट के प्रबंधक गिल्लू राम के नेतृत्व में करीब एक दर्जन दिव्यांगों ने डीआरएम को पत्र दिया। उन्होंने प्लेटफॉर्म नंबर एक, दो और तीन पर आने-जाने के लिए ट्रॉली पथ बनाने की मांग की।


निरीक्षण के दौरान सहायक ऑपरेटिंग मैनेजर रामजी, डीसीआई आजमगढ़ अखिलेश कुमार, डीसीआई मऊ सुरजीत सिंह राठौड़, स्टेशन मास्टर रामप्रवेश, आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार राय समेत रेलवे के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।





Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.