News: सरदार पटेल जयंती पर मनीष मिश्रा ने प्रतिमा का दूध से किया अभिषेक, सामाजिक एकता का लिया संकल्प

0 NV INDIA



बस्ती के प्रत्येक विद्यालय में स्थापित कराई जाएंगी लौह पुरुष की लघु प्रतिमाएं, घर-घर से एकत्रित किया जाएगा एक-एक टुकड़ा लोहा


बस्ती। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मनीष मिश्रा ने उनकी प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर पुष्पमाला अर्पित की और आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर उन्होंने जाति-पाँति की दीवारों को तोड़कर समाज के प्रत्येक वर्ग को एकता के सूत्र में जोड़ने का संकल्प लिया।


मनीष मिश्रा ने कहा कि आज भारत जिस अखंड स्वरूप में खड़ा है, उसकी कल्पना सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान के बिना अधूरी है। उन्होंने अपनी अद्भुत इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और दृढ़ नेतृत्व के बल पर देश की सैकड़ों रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।



उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपने सार्वजनिक जीवन में अहमदाबाद में प्लेग महामारी के दौरान स्वयं आगे बढ़कर लोगों की सेवा की थी। उसी भावना से वह बस्ती में जाति-पाँति और भेदभाव की दीवारों को तोड़कर समाज के सभी वर्गों को एकजुट करने का प्रयास करेंगे।


इसी क्रम में उन्होंने बस्ती के प्रत्येक विद्यालय में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की लघु प्रतिमाएं स्थापित कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए अभियान चलाकर बस्ती के हर घर से एक-एक टुकड़ा लोहा एकत्रित किया जाएगा, ताकि इस पहल में प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और लोग स्वयं को सामाजिक एकता के इस अभियान से जुड़ा महसूस करें।




मनीष मिश्रा ने बताया कि अभियान की शुरुआत एक नवंबर को अपने पितातुल्य सांसद राम प्रसाद चौधरी के आवास से पहली लोहा-भिक्षा मांगकर करेंगे। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़कर अखंड भारत बनाया था। अब उन्हीं से प्रेरणा लेकर उनका संकल्प बस्ती के लोगों के दिलों को जोड़ना और एक समरस, संगठित एवं एकजुट समाज का निर्माण करना है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.