News: फिनिक्स पब्लिक स्कूल, बस्ती में साइबर सुरक्षा एवं जागरूकता कार्यशाला का आयोजन

0 NV INDIA


बस्ती: फिनिक्स पब्लिक स्कूल, बस्ती में छात्रों, और शिक्षकों को डिजिटलाइजेशन के इस दौर में साइबर अपराधों से बचाने तथा सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से "साइबर जागरूकता अभियान" के तहत एक विशेष कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बस्ती पुलिस के सौजन्य और मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों अजय पाठक,  आदर्श सिंह तथा महिला  कांस्टेबल शशिप्रिया ने साइबर अपराधों से बचाव के लिए "क्या करें और क्या न करें" की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यशाला में दी गई मुख्य जानकारियां एवं सुझाव:

1. साइबर सुरक्षा के लिए "क्या करें":

  सुरक्षित वेबसाइट्स (HTTPS): किसी भी वेबसाइट का उपयोग करते समय हमेशा URL में https:// (सुरक्षित कनेक्शन) और सुरक्षा ताले का चिह्न अवश्य जाचें।

  मजबूत पासवर्ड: पासवर्ड हमेशा अक्षरों (Upper & Lower case), अंकों और विशेष वर्णों (Special characters) का संयोजन बनाकर कम से कम 8 से 12 वर्णों का रखें। हर 45 दिनों में पासवर्ड बदलें और विभिन्न खातों के लिए अलग-अलग पासवर्ड का उपयोग करें।

  मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (MFA): जहां भी संभव हो, अपने ऑनलाइन खातों पर टू-फैक्टर या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करें।

  आधिकारिक ऐप स्टोर: ऐप हमेशा केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर जैसे आधिकारिक प्लेटफार्मों से ही डाउनलोड करें।

  डेटा बैकअप: अपने महत्वपूर्ण डेटा और फाइलों का नियमित बैकअप लेते रहें या एक्सटर्नल ड्राइव में सुरक्षित रखें, जिससे रैनसमवेयर (Ransomware) अटैक से बचा जा सके।

  वॉटरमार्क का प्रयोग: सोशल मीडिया पर अपने चित्र या वीडियो साझा करते समय वॉटरमार्क का उपयोग करें।

2. साइबर सुरक्षा के लिए "क्या न करें":

  OTP व गोपनीय विवरण साझा न करें: अपना पासवर्ड, OTP, CVV, पिन, बैंक खाता विवरण, आधार कार्ड या पैन कार्ड किसी के साथ साझा न करें। कोई भी बैंक या प्रामाणिक संस्था फोन या मैसेज पर ऐसी संवेदनशील जानकारी नहीं मांगती।

  अज्ञात लिंक एवं रिमोट एक्सेस ऐप से बचें: अज्ञात स्रोतों से आए एसएमएस, ई-मेल या लिंक पर क्लिक न करें। अनजान व्यक्ति के कहने पर 'TeamViewer', 'AnyDesk' या 'Ammyy Admin' जैसे रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड न करें।

  सार्वजनिक वाई-फाई (Public Wi-Fi): फ्री, खुले या असुरक्षित वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग ऑनलाइन बैंकिंग या वित्तीय लेनदेन के लिए न करें।

 अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट व वीडियो कॉल: सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही अनजान नंबरों से आए वीडियो कॉल रिसीव करें।

  फेक मैसेज व उपहार प्रस्ताव: त्योहारों या विशेष अवसरों पर प्रसारित होने वाले मुफ्त उपहार, लॉटरी या जॉब के लुभावने संदेशों पर विश्वास न करें।

साइबर हेल्प लाइन और शिकायत पोर्टल:

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक डॉ विनायक जायसवाल एवं प्रधानाचार्य जे. डी. यादव तथा  पुलिस प्रतिनिधियों ने सभी से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर धोखाधड़ी या अपराध का शिकार होता है, तो बिना किसी झझक या शर्म के तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर (Cyber Helpline Number) 1930 तथा आधिकारिक साइबर क्राइम पोर्टल (Cyber Crime Portal): www.cybercrime.gov.in   पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.