बस्ती। 14 नवंबर दिन शनिवार को 'बाल-दिवस' के उपलक्ष्य में लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम् वाल्टरगंज बस्ती के परिसर में 'फैंसी ड्रेस' प्रतियोगिता एवं खाद्य-स्टॉल का आकर्षक, शानदार एवं भव्य आयोजन किया गया. इस विशेष अवसर पर माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंहजी, माननीय निदेशक श्री राहुल सिंहजी, एवं माननीया निर्देशिका श्रीमती अपर्णा सिंहजी की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही.
उक्त कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय सुरेंद्र प्रताप सिंहजी के कर कमलों से विद्या की आधिष्ठाती देवी सरस्वती, देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं बच्चों के चहेते प्यारे 'चाचा नेहरू' एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंहजी के चित्रावरण, पुष्पार्चन, माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन से हुआ. तत्पश्चात विद्यालय की प्रतिभाशाली एवं होनहार बाल-प्रतिभाओं द्वारा 'सरस्वती वंदना' तथा 'स्वागत गीत' की जीवन्त प्रस्तुति की गई. तत्पश्चात फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता की प्रस्तुति हुई, जिसमें कक्षा नर्सरी से कक्षा पंचवीं तक के 182 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया. विविध प्रकार के रंग-बिरंगे व मनमोहक परिधानों में सजे नौनिहालों को देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे आसमान के रंग-बिरंगे चमकते व झिलमिलाते सितारे जमीन पर उतर आए हों. देश के विभिन्न प्रदेशों की परंपरागत सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करते परिधानों ने बरबस ही लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया. वहीं देश के महान विभूतियों को चित्रित करता हुआ विशेष परिधानों ने कार्यक्रम को नई ऊँचाई प्रदान की. वहीं धार्मिक किरदारों से सम्बंधित परिधान भी आकर्षण का केंद्र बने रहे.
निर्णायक मण्डली में – श्रीमती रीता यादव, श्रीमती स्नेहलता पाठक एवं श्रीमती सोमना श्रीवास्तव की पारखी निगाहों एवं परिधान संबंधी कौशल के आधार पर निम्न मेधावियों को विजेता घोषित किया गया.
'फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता प्रस्तुतीकरण के उपरांत 'स्टालों' ने अपनी तरफ सभी को आकर्षित किया. 'बाल-दिवस' के विशेष अवसर पर बच्चों के मनोरंजन व सम्मान में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विविध प्रकार के स्वादिष्ट व पसंदीदा खाद्य-पदार्थों का स्टाल सजा रखा था. स्वच्छता, शुद्धता व स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखते हुए खाद्य-सामग्रियों का चयन किया गया था.
विभिन्न स्थलों पर विविध प्रकार की सुस्वादु व स्वास्थ्यप्रद खाद्य-सामग्रियों जैसे– भेलपूरी, फुल्की, पूरी-पानी, दही-बड़ा, चाट, पकौड़ी, टिकिया, बड़ा-पाव, डोसा, इडली, अनेक प्रान्तों की परंपरागत प्रसिद्ध खाद्य सामग्रियों को देखकर ऐसा लगा कि पूरे देश के व्यंजनों की प्रदर्शनी लगी हो. बच्चों ने जमकर लजीज व्यंजनों का आनंद लिया.
कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंहजी ने 'बाल-दिवस' के अवसर पर देश के प्रथम प्रधानमंत्री "जवाहर लाल नेहरू जी के जीवन-प्रसंगों का स्मरण करते हुए बच्चों के प्रति उनके प्रेम को विस्तारपूर्वक दर्शाया.
माननीय निदेशक श्री राहुल सिंहजी ने बच्चों को बाल दिवस की शुभकामना देते हुए बताया कि बच्चे ही देश व विश्व का भविष्य हैं अतः उनके शिक्षा, स्वास्थ्य, मनोरंजन आदि का स्वस्थ वातावरण तैयार करना हम सभी की जिम्मेदारी है. इसी दिशा में ऐसे कार्यक्रमों की प्रासंगिकता और भी बढ़ जाती है.
व्याख्यानों की इसी तारतम्यता में माननीया निर्देशिका श्रीमती अपर्णा सिंह जी ने अपने गंभीर व सारगर्भित सम्बोधन में कहा कि 'परिधान-प्रतियोगिता' का उद्देश्य बच्चों के उज्ज्वल व खूबसूरत भविष्य के सपनों को साकार करने की दिशा में एक प्रतीकात्मक प्रयास है तथा खाद्य स्टालों की प्रदर्शनी का उद्देश्य उनके स्वस्थ व खुशहाल जीवन की झलक है.
उक्त कार्यक्रमों की सफल व सकारात्मक संपन्नता पर विद्यालय की प्रधानाचार्या आदरणीया श्रीमती वंदना सिंहजी ने सभी प्रतिभागियों, सहभागियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, निर्णायकों, समस्त योगदान करने वाले सदस्यों के प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की. माननीय प्रबंधक महोदय, माननीय निदेशक महोदय एवं माननीया निदेशिका महोदया के अमूल्य योगदान के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया. समस्त सदस्यों के योगदान के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम समापन की घोषणा की है।



