बस्ती : बजाज हिन्दुस्थान शुगर लिमिटेड, इकाई रुधौली के प्रांगण में आज महान स्वतंत्रता सेनानी एवं बजाज समूह के संस्थापक जमनालाल बजाज जी की जयंती अत्यंत श्रद्धा एवं गरिमामयी वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ इकाई प्रमुख रुधौली डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी एवं इकाई प्रमुख (आसवनी) अजय कुमार अवस्थी ने दीप प्रज्वलित कर तथा जमनालाल बजाज जी के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर संस्थान के सभी विभागों के प्रमुख एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जोनल हेड मानव संसाधन नरेंद्र कुमार शुक्ल, यांत्रिकी प्रमुख श्रवण कुमार, गन्ना प्रमुख लवकुश सिंह चौहान, वरिष्ठ गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडे गगन, लेखा प्रमुख सुनील कुमार, सेल्स प्रमुख गोपाल कृष्ण शुक्ल, यांत्रिकी प्रमुख (आसवनी) अतुल कुमार झा और उत्पादन प्रमुख आसवनी मनीष झा सहित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को संबोधित करते हुए इकाई प्रमुख रुधौली डॉ. जय प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि जमनालाल बजाज केवल एक सफल उद्योगपति ही नहीं थे, बल्कि वे सच्चे राष्ट्रभक्त और समाज सुधारक थे। उन्होंने व्यापार में नैतिकता, ईमानदारी और सामाजिक सरोकार को सर्वोच्च स्थान दिया। आज बजाज समूह जिस वटवृक्ष के रूप में खड़ा होकर किसानों व समाज की सेवा कर रहा है, उसकी नीव पूज्य जमनालाल जी के आदर्शों पर ही टिकी है। उनका प्रेरणादायी जीवन और विचार सदैव हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे।
इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु पांडे गगन ने कहा कि संस्थापक जमनालाल बजाज जी की सोच हमेशा से ग्रामीण भारत और किसानों को सशक्त बनाने की रही है। आज हम उनके दिखाए रास्ते पर चलते हुए गन्ना किसानों की उन्नति, समयबद्ध सहयोग और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर समर्पित हैं। उनके सिद्धांत हम सभी कर्मचारियों को कार्यस्थल पर ईमानदारी और निष्ठा से सेवा करने की प्रेरणा देते हैं।



