News: मताधिकार एवं मतदाता सूची पुनरीक्षण के प्रति जागरूकता को लेकर युवा संवाद आयोजित

0 NV INDIA


लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी जरूरी – भावेश पाण्डेय


बस्ती। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण तथा मतदान के अधिकार एवं महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत द्वारा विवेकानन्द कॉलेज ऑफ फार्मेसी में युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष भावेश पाण्डेय ने युवाओं को संबोधित किया।




अपने संबोधन में भावेश पाण्डेय ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों की भागीदारी पर निर्भर करती है और युवाओं की इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि देश के भविष्य के निर्माण में भागीदारी का माध्यम भी है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के महत्व पर चर्चा करते हुए युवाओं से अपनी मतदाता सूची में नाम एवं विवरण की जांच करने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ अपने सामाजिक एवं नागरिक दायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देना चाहिए।



इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य संदीप भारती ने कहा कि युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। लोकतंत्र में मतदान का अधिकार अत्यंत महत्वपूर्ण है और प्रत्येक पात्र नागरिक को इसका जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने ऐसे संवाद कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सामाजिक चेतना के लिए उपयोगी बताते हुए आयोजकों की पहल की सराहना की।


कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। दीप्ति गौड़ एवं वंशिका किशोर ने मताधिकार के महत्व और नशामुक्ति विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं यश कुमार, दीपांशु सिंह, आकाश, सूरज, अनिकेत एवं प्रांशु सहित अन्य युवाओं ने संवाद में सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया और विभिन्न विषयों पर अपने विचार एवं जिज्ञासाएं साझा कीं।


कार्यक्रम का संचालन अवनीत श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्रोफेसर कार्तिक चौधरी, प्रोफेसर अनिकेत श्रीवास्तव, प्रवक्ता दीपक चंद्र, प्रवक्ता गरिमा सिंह, प्रवक्ता संतोष दुबे, प्रवक्ता तरुण पाण्डेय, समीना मलिक एवं ब्यूटी रंजन सहित अन्य शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मेरा युवा भारत के प्रतिनिधि के रूप में ओम प्रकाश मिश्र की भी उपस्थिति रही।


कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों एवं जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उन्हें सामाजिक सरोकारों से जोड़ना और एक जिम्मेदार, जागरूक एवं नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा।


अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.