पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर भीटी चौराहे से पहले एक गुमटी के पास से आशीष यादव पुत्र रामू यादव निवासी नसोपुर, थाना सरायलखंसी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्त ने घटना को स्वीकार कर लिया। उसके पहने हुए कपड़ों पर रक्त के छींटे मिले, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में लेकर सील कर दिया। अभियुक्त ने बताया कि घटना के दौरान चाकू चलाने से उसके हाथ में भी चोट लगी थी। घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार घायल विनोद तिवारी महिंद्रा फाइनेंस कंपनी में लोन रिकवरी का कार्य करते हैं। ट्रैक्टर की बकाया किस्त वसूलने के सिलसिले में वह अभियुक्त के बुलावे पर मुसरदह मोड़ भीटी स्थित सरकारी ट्यूबवेल पहुंचे थे। आरोप है कि शाम करीब 7:15 बजे अभियुक्त ने उन्हें ट्यूबवेल के अंदर बुलाकर गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ, चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे तो अभियुक्त जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।



