उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सभा दरौरा में सोमवार शाम रास्ते के विवाद को लेकर एक व्यक्ति पर हमला किया गया। लाठी-डंडों से हुए इस हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, दरौरा गांव निवासी 45 वर्षीय इसतिहाक, जो स्वर्गीय इसराईल के पुत्र हैं, सोमवार दोपहर लगभग 3 बजे अपने रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते के एक पुराने विवाद को लेकर कुछ लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर विपक्षियों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में इसतिहाक को गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से घायल को तत्काल रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही रानीपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से मिली शिकायत के आधार पर मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
