Mau पुरानी रंजिश में कार सवार चाचा-भतीजे पर जानलेवा हमला, दो गंभीर रूप से घायल; जिला अस्पताल रेफर

0 Vipin kumar singh

 



​रानीपुर (मऊ): रानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा टड़वा स्थित कस्तूरी पब्लिक स्कूल के पास शुक्रवार शाम लगभग 5 बजे पुरानी रंजिश को लेकर बेखौफ बाइक सवार बदमाशों ने एक कार को रोककर उसमें सवार चाचा-भतीजे पर लाठी-डंडों और हॉकी से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

​दुकान से लौटते समय घात लगाकर किया हमला

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरहा निवासी सौरभ यादव (29 वर्ष) पुत्र महेंद्र यादव, जिनकी पलिगढ़ चट्टी पर आभूषण की दुकान है, अपने घर आए थे। इसके बाद वह अपने चाचा ज्ञानचंद यादव (39 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय रामानंद यादव के साथ अपनी फोर-व्हीलर गाड़ी (UP54AP9877) से किसी काम के सिलसिले में रानीपुर आ रहे थे।

​जैसे ही उनकी गाड़ी रानीपुर-खुरहट मार्ग पर ग्राम टड़वा के कस्तूरी पब्लिक स्कूल के पास पहुंची, तभी पीछे से आए तीन मोटरसाइकिलों पर सवार हमलावरों ने गाड़ी को जबरन रुकवा लिया और लाठी-डंडों व हॉकी से उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

​सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर

​घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत रानीपुर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायलों को तत्काल रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों की स्थिति को गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

​गांव के ही 9 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर

​पीड़ित पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दे दी गई है, जिसमें गांव के ही लोगों पर पुरानी रंजिश के चलते हमला करने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में कुल 9 लोगों को नामजद किया गया है।

​थाना प्रभारी का बयान:

मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल व आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.