बस्ती। विकास खंड हर्रैया के बेलाड़े शुक्ल कलस्टर से जुड़े ग्राम पंचायतों के प्रधानों और प्रशासकों ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र देकर ग्राम विकास अधिकारी को हटाने की मांग की है। पत्र में ग्राम पंचायत बेलाड़े शुक्ल, रेवरादास, भिरवा और काशीपुर के प्रधानों/प्रशासकों ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत अधिकारी के कार्य व्यवहार से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और ग्राम पंचायतों में विकास कार्य लगभग अवरुद्ध हो गए हैं।
प्रधानों का आरोप है कि ग्राम पंचायत अधिकारी उनकी समस्याओं और बातों को गंभीरता से नहीं सुनती हैं। पत्र में यह भी कहा गया है कि आईजीआरएस के नाम पर प्रधानों और प्रशासकों से कागज पर हस्ताक्षर व मुहर करवा ली गई और बाद में उस कागज पर अपनी ओर से लिखकर यह दर्शाया गया कि सभी प्रधान/प्रशासक ग्राम पंचायत अधिकारी के कार्य से संतुष्ट हैं।
प्रधानों ने मुख्य विकास अधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी को बेलाड़े शुक्ल कलस्टर से हटाकर किसी अन्य ग्राम पंचायत अधिकारी की तैनाती करने की मांग की है, ताकि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

