उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2027 के लिए परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक गौतम प्रसाद ने जनपद के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन मान्यता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 20 जुलाई 2026 तक विद्यालय संबंधी आवश्यक विवरण ऑनलाइन अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा-2027 को नकलविहीन, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण पूरी तरह ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार विद्यालयों के भौतिक संसाधन, उपलब्ध सुविधाएं और अन्य आधारभूत जानकारियां परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर संबंधित विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा अपलोड की जानी अनिवार्य है। इसके लिए 20 जुलाई 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों से समय सीमा के भीतर सही एवं प्रमाणिक सूचनाएं अपलोड करने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विद्यालय निर्धारित समय तक जानकारी अपलोड नहीं करता है या लापरवाही बरतता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय की होगी। परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया को देखते हुए सभी विद्यालयों से शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन करने को कहा गया है।
