मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र के करहां बाजार में शनिवार अपराह्न 3:30 बजे सड़क हादसे में गंभीर रुप से घायल मजदूर मनोज कुमार उम्र करिह 32 वर्ष की इलाज के लिए ले जाते समय मौत हो गई। चक्रपानपुर स्थित पीजीआई अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
माहपुर गांव निवासी मनोज कुमार गिट्टी-बालू उतारने का काम करता था। शनिवार अपराह्न बाजार से पैदल घर लौटते समय सड़क पार करने के दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रुप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजन उसे चक्रपानपुर स्थित पीजीआई अस्पताल ले गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मनोज चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और चार छोटी बेटियां हैं। उसकी मौत से पत्नी व बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर है। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरु कर दी है।



