मऊ। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के तहत थाना रानीपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पॉक्सो कोर्ट में चार्जशीट दाखिल करने के तुरंत बाद 25 हजार रुपये के इनामी मुख्य वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
कोर्ट में चार्जशीट के बाद घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, थानाध्यक्ष रानीपुर प्रमोद कुमार अपने हमराहियों के साथ माननीय पॉक्सो कोर्ट मऊ में आरोपी प्रिंस उर्फ शिवम, राकेश कुमार और बाल अपचारी सुनील चौहान के खिलाफ आरोप पत्र (चार्जशीट) दाखिल कर पलिया बाजार क्षेत्र में गश्त व चेकिंग में मौजूद थे। इसी दौरान उपनिरीक्षक रामाज्ञा कुमार भी पुलिस बल के साथ वहां पहुंचे।
इसी बीच मुखबिर खास से सटीक सूचना मिली कि मुकदमे का वांछित 25 हजार का इनामी अभियुक्त भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव पुत्र स्व. तेजू यादव (उम्र 32 वर्ष, निवासी शेखामतपुर, थाना मुहम्दाबाद गोहना, मऊ) देईयामाई स्थान से रेलवे क्रॉसिंग खुरहट की तरफ जा रहा है और ट्रेन पकड़कर फरार होने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने खुरहट रेलवे क्रॉसिंग के पास घेराबंदी की और अभियुक्त को तड़के करीब 05:15 बजे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी ने कबूला जुर्म
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त भीमार्जुन उर्फ गोलू यादव ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि 8 जून 2026 की रात वह अपने सहयोगियों—प्रिंस उर्फ शिवम, सुनील चौहान और राकेश कुमार—के साथ करजौली के जंगल में पीड़िता बहनों से मिलने गया था। वहां प्रिंस एक पीड़िता (प्रीति चौहान) को और अभियुक्त भीमार्जुन दूसरी पीड़िता (प्रिया चौहान) को अलग ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
अभियुक्त ने आगे बताया कि अगले दिन सुबह जब परिजन शिकायत करने आए तो वे सभी माफी मांगने पीड़िता के घर पहुंचे थे। तभी छोटी बहन ने आकर सूचना दी कि लोक-लाज और डर के मारे बड़ी बहन प्रीति चौहान ने जंगल में पेड़ से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस घटना के बाद से ही सभी आरोपी डरकर फरार चल रहे थे।



