Mau नाबालिक के अपहरण 24 घंटे के अन्दर खुलासा।

0 Vipin kumar singh

 मऊ। रानीपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में वांछित चल रहे एक अभियुक्त को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को यह सफलता तब मिली जब आरोपी स्वयं थाने पहुंचा।

जानकारी के अनुसार, रानीपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 100/2026 (धारा 3(5), 352, 351(2), 187(2), 87 भारतीय न्याय संहिता) के तहत एक नाबालिग के अपहरण का मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में सादीपुर निवासी सर्वेश कुमार पुत्र लखन्दर वांछित था।

मामले की जांच के दौरान, महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी ने धारा 180 के तहत पीड़िता का बयान दर्ज किया और उसकी वीडियोग्राफी भी कराई। बयान में पीड़िता ने खुद को बालिग बताया और अभियुक्त का बचाव करने का प्रयास किया।

हालांकि, विवेचक ने पीड़िता के परिजनों से प्राप्त कक्षा 8 के अंक पत्र और विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रमाण पत्र का सत्यापन किया। सत्यापन में पीड़िता की वास्तविक जन्मतिथि 28 जुलाई 2009 पाई गई, जिससे घटना के दिन उसकी उम्र 17 वर्ष 04 दिन सिद्ध हुई। यह आयु कानूनी रूप से नाबालिग की श्रेणी में आती है।

नाबालिग के अपहरण के अपराध की पुष्टि होने के बाद, पुलिस ने पीड़िता के पिता को थाने बुलाकर पहचान कराई। इसके बाद, थाने पर मौजूद नामित अभियुक्त सर्वेश कुमार (लगभग 23 वर्ष) को उसकी गिरफ्तारी का वैधानिक कारण बताते हुए शाम करीब 07:15 बजे नियमानुसार पुलिस हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस प्रशासन ने बताया कि गिरफ्तारी की पूरी प्रक्रिया के दौरान मानवाधिकारों और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया गया है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.