मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन पर बुधवार शाम एक सड़क हादसे में होमगार्ड रामसरीख यादव की मौत हो गई। वह बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक छुट्टा पशु से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
जानकारी के अनुसार, भुसुवा निवासी रामसरीख यादव (54 वर्ष) बुधवार शाम करीब 6 बजे मुहम्मदाबाद गोहना बाजार से अपना काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहे थे। रानीपुर थाना क्षेत्र के भुसुवा के पास सर्विस लेन पर अचानक एक छुट्टा पशु सामने आ गया। पशु से टकराने के बाद उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन रामसरीख को इलाज के लिए मऊ स्थित शारदा नारायण अस्पताल ले गए। देर रात लगभग 11:35 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक रामसरीख यादव पुलिस विभाग में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में चार बेटे और दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी विवाहित है।





