मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन तथा अधिकारों के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम शासन के निर्देशों के क्रम में चलाया गया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो टीम ने थाना क्षेत्र के सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और स्कूल-कॉलेज परिसरों का भ्रमण किया। टीम ने महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें छेड़छाड़, छींटाकशी, घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार की असुरक्षा महसूस होने पर तत्काल पुलिस सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं को विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों जैसे 112 (आपातकालीन सेवा), 1090 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें साइबर अपराधों से बचाव के लिए सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने और अनजान व्यक्तियों के साथ निजी जानकारी साझा न करने की भी सलाह दी गई।
पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में मनचलों और आपराधिक प्रवृत्ति के तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी अप्रिय घटना पर त्वरित एवं कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में महिला उपनिरीक्षक सुधा अग्रहरि, महिला कांस्टेबल दिव्या यादव और महिला कांस्टेबल रुचि पटेल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।










