रानीपुर (मऊ): रानीपुर थाना क्षेत्र के एक गांव से स्कूल जा रही एक नाबालिग किशोरी को एक युवक बहला-फुसलाकर भगा ले गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बीते दिन सुबह करीब 9:30 बजे हुई। पीड़िता मुहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। वह रोजाना की तरह अपने घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद आकाश (पुत्र विजय), निवासी ग्राम तेंदूली (थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ), उसे बहला-फुसलाकर महमूदपुर चट्टी के पास से अपने साथ ले गया।
जब किशोरी समय पर घर नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों ने थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी और नामजद तहरीर दी।
थाना प्रभारी प्रमोद ने बताया कि परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।



