मऊ जिले के रानीपुर थाना क्षेत्र के मडुसरा बुजुर्ग (कटरवा) गांव में रविवार सुबह एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। कुत्ते के हमले में आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सुबह के समय ग्रामीण अपने नित्य कार्यों के लिए निकले थे या घरों के बाहर बैठे थे। इसी दौरान अचानक आए कुत्ते ने एक के बाद एक कई लोगों को अपना शिकार बनाया।
घटना में घायल हुए लोगों में गरिमा (16 वर्ष) पुत्री इंद्र देव चौहान, खुशबू (19 वर्ष) पुत्री राजेश चौहान, राजकमल (25 वर्ष) पुत्र श्रीप्रसाद चौहान, अंश (12 वर्ष) पुत्र मदन, बिमल देवी (45 वर्ष) पत्नी ननदू और मनीष कुमार (13 वर्ष) शामिल हैं।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को तत्काल रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया और एंटी-रेबीज वैक्सीन लगाई। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में कुत्ते को लेकर दहशत का माहौल है।







