बस्ती। जिले के गांधीनगर में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी का कार्यकर्ताओं ने ऐतिहासिक और जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व कुँवर कामेश्वर सिंह छोटे राजा, राघवेंद्र प्रताप सिंह दादा, देवांग सिंह,राघवेंद्र प्रताप सिंह ने किया ।
स्वागत का नजारा देखने लायक था। लगातार हो रही बारिश के बाद भी लोग डटे रहे । क्रेन की मदद से हरीश द्विवेदी को एक कुंतल वजनी विशाल माला पहनाई गई, जबकि बुलडोजर पर सवार कार्यकर्ताओं ने उन पर जमकर पुष्प वर्षा की। ढोल-नगाड़ों और जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से पूरा गांधीनगर गूंज उठा। स्वागत के लिए सुबह से ही माताएं-बहनें और युवा कार्यकर्ता बारिश के बावजूद डटे रहे।
जानकारी देते हुए कार्यक्रम के आयोजक राघवेंद्र प्रताप सिंह दादा ने बताया कि आज का यह स्वागत दर्शाता है कि हरीश द्विवेदी की लोकप्रियता कितनी ज्यादा है। शीर्ष नेतृत्व ने बस्ती के लाल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाकर सम्मान देकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने की राह को आसान कर दिया है।
वहीं पूर्व प्रदेश मंत्री एबीवीपी राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हरीश द्विवेदी जमीन से जुड़े नेता हैं और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा खड़े रहते हैं। उनके राष्ट्रीय महामंत्री बनने से बस्ती सहित पूरे पूर्वांचल के कार्यकर्ताओं में नया जोश है। स्वागत के बाद हरीश द्विवेदी ने सभी कार्यकर्ताओं और बस्ती की जनता का आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्रमुख रूप से वरिष्ठ भाजपा नेता व सभासद परमेश्वर शुक्ला पूर्व पप्पू शुक्ला, नगर पंचायत अध्यक्ष बालकृष्ण त्रिपाठी ,देवांग सिंह ,मोहम्मद इद्रीस सभासद सहित तमाम लोग मौजूद रहे ।



