बस्ती। कप्तानगंज स्थित गायत्री इंटर कॉलेज में मनीष मिश्रा ‘मनीष भैया’ का युवा संवाद एवं क्रिकेट टीम के कप्तानों का कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में कप्तानगंज क्षेत्र में मनीष भैया की क्रिकेट टीम से जुड़े विभिन्न टीमों के कप्तान, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मनीष मिश्रा ने घोषणा की कि संबंधित कप्तानों एवं खिलाड़ियों के बैंक खातों में 2 अक्टूबर को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि बस्ती के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को अवसर और प्रोत्साहन देना उनके अभियान का अहम हिस्सा है।
इस दौरान मनीष मिश्रा ने युवाओं से सीधे संवाद भी किया। उनके ‘बेस टू स्पेस’ अभियान का उल्लेख करते हुए एक युवा मंच पर आया और कहा, “आपके बेस टू स्पेस अभियान में हम आपके साथ हैं। हम इसरो को नासा से भी बेहतर बनाएंगे और बस्ती के युवा भी स्पेस के क्षेत्र में काम करेंगे।” युवा की इस बात पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह जताया।
मनीष मिश्रा ने कहा कि उनका सपना केवल बस्ती के मौजूदा विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां के युवाओं को विज्ञान, तकनीक और अंतरिक्ष जैसे भविष्य के क्षेत्रों तक पहुंचाना है। उन्होंने अपने संकल्प को दोहराते हुए कहा, “बस्ती को बेस से स्पेस तक ले जाना है। अब बस्ती को दौड़ने से कोई नहीं रोक सकता।”
देश की बढ़ती अर्थव्यवस्था और जीडीपी की चर्चा करते हुए मनीष मिश्रा ने ‘डिस्ट्रिक्ट जीडीपी’ बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश की जीडीपी तभी और तेजी से आगे बढ़ेगी, जब जिलों की स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इस दौरान उन्होंने एक युवा को मंच पर बुलाया और उससे बस्ती की डिस्ट्रिक्ट जीडीपी बढ़ाने, स्थानीय स्तर पर रोजगार, उत्पादन और आर्थिक गतिविधियां बढ़ाने को लेकर संवाद किया।
उन्होंने युवाओं से कहा कि बस्ती को आगे ले जाने के लिए केवल सरकारी योजनाओं की प्रतीक्षा नहीं की जा सकती, बल्कि युवाओं को भी नए विचार, उद्यम, खेल, तकनीक और रोजगार के क्षेत्रों में आगे आना होगा।
इस अवसर पर मनीष मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में ‘जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए। उपस्थित युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ नारों में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान गायत्री इंटर कॉलेज की छात्राओं ने मनीष मिश्रा का स्वागत किया। खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। युवाओं ने मनीष भैया की पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
इस अवसर पर ईश्वर दीन, संदीप यादव, शिवम मिश्रा, श्रवण यादव, सौरभ चतुर्वेदी तथा गायत्री इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अशोक मिश्रा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। विमल पांडेय ने जहाँ मंच का संचालन किया, वहीं अंकुर शुक्ला व्यवस्थापक के रूप में कार्यरत रहे।



