बनकटी नगर पंचायत में जन कल्याणकारी कैंप का भाजपा नेता अरविंद पाल ने किया शुभारंभ, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का मिला लाभ
बस्ती: बनकटी नगर पंचायत कार्यालय परिसर में शनिवार को जन कल्याणकारी कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का शुभारंभ वरिष्ठ भाजपा नगर पंचायत प्रतिनिधि अरविंद पाल ने फीता काटकर किया। इस दौरान विभिन्न विभागों की ओर से अलग-अलग स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कैंप में समाज कल्याण, महिला एवं बाल कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को संबंधित योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाले लाभ के बारे में जानकारी दी। कैंप में पहुंचे पात्र लोगों की समस्याओं को सुनते हुए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजनाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया।
नगर पंचायत प्रतिनिधि अरविंद पाल ने कहा कि ऐसे कैंपों का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को पात्र लोगों तक पहुंचाना और उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोग योजनाओं की जानकारी लेकर पात्रता के अनुसार उनका लाभ उठाएं। कैंप में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।




