लच्छीपुर के पास कटी सरयू नहर, किसानों की फसलों पर मंडराया संकट

0 NV INDIA


बस्ती। विकासखंड परशुरामपुर के लच्छीपुर गांव के पास सरयू नहर खंड-3 बुधवार की मध्यरात्रि अचानक कट गई। नहर कटने से तेज बहाव के साथ पानी आसपास के खेतों की ओर जाने लगा, जिससे धान, गन्ना समेत अन्य फसलों पर जलभराव का खतरा पैदा हो गया। हालांकि पानी के बगल स्थित घृत नाले के रास्ते मनोरमा नदी में जाने से किसानों को बड़ी क्षति से राहत मिली।

जानकारी के अनुसार बुधवार और बृहस्पतिवार की मध्यरात्रि लच्छीपुर गांव के पास सरयू नहर खंड-3 में कटान हो गया। गुरुवार सुबह ग्रामीण जब अपने खेतों की ओर पहुंचे तो नहर का पानी तेजी से रायपुर, धेनुगांवा और लच्छीपुर गांवों के सीवान में फैलता दिखाई दिया। इससे किसान हरिओम, शोभाराम, जोखूलाल, मिस्री प्रसाद, हीरालाल, दुर्गावती, महादेव, जगन्नाथ, रमजान, श्रीनिवास और संतराम समेत दर्जनों किसानों की धान और गन्ने की फसलें पानी से घिर गईं।

नहर कटने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने तत्काल विभागीय अधिकारियों को जानकारी दी। सूचना पर मौके पर पहुंचे एई अनिल कुमार और जेई अश्वनी प्रताप ने स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के अनुसार कटान स्थल से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित चेकडैम से पानी के प्रवाह को डायवर्ट कर दिया गया, जिससे नहर में आने वाले पानी का दबाव कम किया जा सका।

वहीं, कटान स्थल से खेतों की ओर निकला पानी घृत नाले के रास्ते मनोरमा नदी में जाने लगा। इससे खेतों में पानी का ठहराव कम हुआ और किसानों की फसलों को होने वाला संभावित नुकसान काफी हद तक टल गया।

खबर लिखे जाने तक विभागीय अधिकारियों की निगरानी में नहर की मरम्मत का कार्य जारी था। नहर कटने से आसपास के किसानों में चिंता का माहौल बना रहा। किसानों ने विभाग से नहर की निगरानी और कमजोर हिस्सों की समय रहते मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना से फसलों को नुकसान न पहुंचे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.