बस्ती। पंप कैनाल गिदही फीडर से जुड़े दर्जनों गांवों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई हफ्तों से दिन व रात में कई-कई घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। बिजली आने के बाद भी वोल्टेज काफी कम रहता है, जिससे पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण ठीक से नहीं चल पा रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक बिजली कटौती का सबसे अधिक असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और दैनिक कार्यों पर पड़ रहा है। रात में बिजली गुल रहने से अंधेरा छा जाता है, जिससे सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता बनी रहती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से समस्या की जांच कर नियमित बिजली आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या दूर कराने की मांग की है।



