मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने डॉक्टर पति और ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता कुसुम यादव ने बताया कि उनकी शादी 19 जून 2026 को गाजीपुर के नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसम्हीं खुर्द रसूलपुर निवासी अभिषेक यादव से हुई थी। अभिषेक शिवपूजन यादव के बेटे हैं। शादी में कुसुम के परिवार ने 10 लाख रुपये नकद, घर का सामान, सोने के गहने और स्त्रीधन दिया था।
कुसुम का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वाले कम दहेज का ताना देकर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से परेशान करने लगे। पति अभिषेक यादव के डॉक्टर होने का हवाला देते हुए ससुराल पक्ष ने दहेज में ब्रेजा कार और 10 लाख रुपये नकद की अतिरिक्त मांग की।
तहरीर में बताया गया है कि अतिरिक्त दहेज न मिलने पर पति अभिषेक यादव, ससुर शिवपूजन यादव, सास उषा देवी, ननद रागिनी और अभिसारिका, तथा ननदोई रामनरेश और हरेंद्र ने कुसुम के साथ बुरी तरह मारपीट की। कुसुम का आरोप है कि 11 जुलाई 2026 की सुबह आरोपियों ने दहेज की मांग को लेकर उन्हें गालियां दीं, पीटा और पेट्रोल डालकर जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद उनका सारा स्त्रीधन और जेवरात छीनकर उन्हें कमरे में बंद कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने पर कुसुम के भाई-बहन ससुराल पहुंचे। ससुराल पक्ष ने उन्हें कुसुम से मिलने नहीं दिया। इसके बाद परिजनों ने नंदगंज थाना (गाजीपुर) पुलिस की मदद से कुसुम को मुक्त कराया और मायके ले आए। कुसुम का आरोप है कि 8 अगस्त 2026 को मायके में हुई पंचायत के दौरान भी आरोपियों ने गाली-गलौज की और मांग पूरी न होने तक जान से मारने व जीवन बर्बाद करने की धमकी दी।
इस सम्बंध में विजय प्रकाश मौर्य, थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"—



