मऊ के रानीपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सभा पिरुआ के पास मुखई स्मारक इंटर कॉलेज रानीपुर से घर लौट रही 14 साल की छात्रा को एक स्कूली बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
पिरुआ गांव के रहने वाले जगन्नाथ सरोज की 14 साल की बेटी खुशी सरोज मुखई स्मारक इंटर कॉलेज में पढ़ती है। बुधवार को छुट्टी के बाद वह पैदल अपने घर लौट रही थी। रानीपुर-काझा मार्ग पर पिरुआ गांव के पास पहुंचते ही सामने से आ रही एक स्कूली बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर लोग जमा हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस पायलट मुलायम और ईएमटी ओमप्रकाश 5 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच गए। एंबुलेंस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायल छात्रा को रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने छात्रा का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, उसकी गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।



