मऊ के रानीपुर ब्लॉक के बरवा गांव में आज दोपहर करीब 2:30 बजे तेज आंधी और बारिश आई। इस दौरान खेत पर बने नलकूप की कोठरी ढह गई। मलबे में दबकर 55 वर्षीय किसान रामप्रवेश चौबे की मौत हो गई।
बरवा गांव के रहने वाले रामप्रवेश चौबे (55 वर्ष) रोज की तरह अपने खेत पर बने नलकूप पर गए थे। यह नलकूप उनके घर से करीब 300 मीटर दूर था। नलकूप के ऊपर लकड़ी की बल्लियों के सहारे एक छप्पर बना हुआ था।
दोपहर करीब ढाई बजे अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। रामप्रवेश चौबे बारिश से बचने के लिए उसी छप्पर के नीचे चारपाई पर बैठ गए। आंधी और बारिश के तेज झोंकों से लकड़ी की बल्लियां टूट गईं और पूरा ढांचा अचानक ढह गया। रामप्रवेश चौबे मलबे के नीचे दब गए।
जोरदार आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद मलबे को हटाकर रामप्रवेश को बाहर निकाला। परिजन उन्हें तुरंत रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक रामप्रवेश चौबे के परिवार में तीन बेटे और दो बेटियां हैं। घटना के बाद से परिवार का बुरा हाल है। पूरे गांव में दुख का माहौल है। इस आंधी-तूफान का असर पूरे इलाके में दिखा। कई जगहों पर बड़े पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए। इससे क्षेत्र की बिजली सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई है। स्थानीय प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है।






