बस्ती: बृहस्पतिवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम्, बस्ती में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में आयोजित जन्मोत्सव कार्यक्रम अपार हर्षोल्लास एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह, माननीय निदेशक श्री राहुल सिंह एवं माननीया निदेशिका श्रीमती अर्पणा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की वंदना से हुआ। तत्पश्चात श्रीकृष्ण के जन्म से संबंधित अनेक लघुनाटिकाओं, नृत्य, संगीत, झाँकी एवं अभिनय की रंगीन प्रस्तुति से सम्पूर्ण परिसर हर्ष, उल्लास, आमोद-प्रमोद एवं भक्ति-भाव से सराबोर हो उठा। श्रीकृष्ण के जन्म की झाँकी ने सभी को भाव-विभोर कर दिया। राधा-कृष्ण एवं गोपियों पर आधारित रासलीला देखकर सभी मंत्र-मुग्ध हो गए। ‘कृष्ण-सुदामा प्रसंग’ की जीवंत प्रस्तुति में जहाँ पर मित्रता के आदर्श को प्रस्तुत किया गया, वहीं लोगों की आँखों में नमी छा गई। ‘गोवर्धन-लीला’, ‘पूतना प्रसंग’, ‘कंस-वध’, ‘देवकी-वासुदेव विवाह’, ‘कालिया नाग का मान-मर्दन’ आदि झाँकियों की संगीत-नृत्यपूर्ण जीवंत प्रस्तुति ने सभी का हृदय जीत लिया। कार्यक्रम का समापन ‘राधा-कृष्ण की रासलीला’ से हुआ।
माननीय प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में समस्त प्रतिभागी छात्र-छात्राओं के मनमोहक एवं मनोरम प्रदर्शन की सराहना की एवं कृष्ण के जीवन से सीखने, ज्ञान, कर्म एवं योग में अनुशासन स्थापित कर जीवन को सार्थक व सफल बनाने पर जोर दिया।
इसी तारतम्य में माननीय निदेशक श्री राहुल सिंह ने श्रीकृष्ण के जीवन-प्रसंगों के कतिपय उदाहरणों द्वारा आज के समय में उनकी आध्यात्मिक प्रासंगिकता को सिद्ध किया।
अपने विशिष्ट शैली में माननीया निदेशिका श्रीमती अर्पणा सिंह जी ने श्रीकृष्ण के सद्गुण-संपन्न व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। एक हाथ में बंसी और एक हाथ में सुदर्शन-चक्र, एक तरफ प्रेम व रासलीला, दूसरी तरफ गीता का ज्ञान—समस्त गुणों का समुच्चय रूप यह व्यक्तित्व हमारे लिए आदर्श है।
कार्यक्रम की शानदार सफलता व सराहनीयता पर हार्दिक शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह जी ने सभी का आभार व्यक्त किया एवं सभी के रचनात्मक सहयोग की सराहना की।



