रानीपुर ब्लॉक की ग्राम सभा रानीपुर में 17 अक्टूबर को पारंपरिक मेले का आयोजन होगा। अमर शहीद लेफ्टिनेंट बिहारी जी की याद में होने वाले इस मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। शहीद बिहारी जी ने देश की रक्षा में पाकिस्तान युद्ध में अपने प्राण न्यौछावर किए थे।
मंगलवार को न्याय पंचायत फतेहपुर की टीम ने रानीपुर कम्पोजिट विद्यालय के पास मेले की जगह का जायजा लिया। रानीपुर ब्लॉक प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधि कार्यक्रम को बेहतर बनाने में सक्रिय हैं।
मेले में आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सफाई पर खास ध्यान दिया जा रहा है। मंगलवार को सफाई कर्मचारियों की कई टीमों ने स्वच्छता अभियान चलाया। शहीद स्मारक, मुख्य रास्तों और मेला परिसर की अच्छे से सफाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मेला सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि शहीद बिहारी जी की शहादत को याद करने का मौका है। मेला समिति ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर शहीद को श्रद्धांजलि दें और कार्यक्रम को सफल बनाएं



