News: यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा 2026 में शिवांगी श्रीवास्तव ने हासिल की ऑल इंडिया प्रथम रैंक, विद्यालय ने किया सम्मानित

0 NV INDIA


यूनीक साइंस एकेडमी रौता बस्ती की पूर्व छात्रा ने बढ़ाया जिले का गौरव, बिना ट्यूशन के की परीक्षा की तैयारी


बस्ती शहर के यूनीक साइंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रौता की पूर्व छात्रा शिवांगी श्रीवास्तव ने यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा 2026 में ऑल इंडिया प्रथम रैंक हासिल कर अपने माता-पिता, विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव और प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने शिवांगी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


शिवांगी श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव एवं श्रीमती शशि श्रीवास्तव की पुत्री हैं। विद्यालय के डायरेक्टर संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिवांगी ने प्ले-वे से लेकर इंटरमीडिएट तक की शिक्षा यूनीक साइंस एकेडमी से प्राप्त की। वह विद्यालय में पढ़ाई के दौरान सभी कक्षाओं में टॉपर रही हैं। उच्च शिक्षा में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। अब यूपीएससी संयुक्त भू-वैज्ञानिक परीक्षा में ऑल इंडिया प्रथम रैंक प्राप्त कर उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत का परिचय दिया है।



उन्होंने कहा कि शिवांगी की सफलता विद्यालय के लिए गर्व का विषय है। उनकी उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। यह सफलता साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।



अपनी सफलता के अनुभव साझा करते हुए शिवांगी श्रीवास्तव ने बताया कि उनके माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों को हमेशा उन पर भरोसा था कि वह जीवन में कुछ बड़ा कर सकती हैं। इसी विश्वास से प्रेरित होकर उन्होंने पूरी लगन और मेहनत के साथ परीक्षा की तैयारी की। शिवांगी ने बताया कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के तैयारी कर यह सफलता हासिल की।


उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि इंटरमीडिएट तक पढ़ाई पर विशेष ध्यान दें और मोबाइल के अनावश्यक इस्तेमाल से दूर रहें। किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले उसके पाठ्यक्रम (सिलेबस) को अच्छी तरह समझना चाहिए और उसी के अनुसार रणनीति बनाकर अध्ययन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहली कोशिश में सफलता नहीं मिलने पर निराश होने के बजाय दोबारा प्रयास करना चाहिए।



विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर विद्यार्थी कठिन से कठिन परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिवांगी की उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण है।


इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं शालिनी श्रीवास्तव, शोभा पाण्डेय, संगीता श्रीवास्तव, सुमन त्रिपाठी तथा शिक्षक दुर्गेश कुमार, रमेश श्रीवास्तव, सुहैल अहमद सहित अन्य शिक्षकों ने शिवांगी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.