बस्ती: लिटिल फ्लावर्स स्कूल, मधुपुरम वाल्टरगंज बस्ती में विज्ञान प्रदर्शनी का शानदार व भव्य आयोजन संपन्न हुआ। जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के कुल 36 प्रारूप (मॉडल) प्रस्तुत किए गए। आयोजन के मुख्य अतिथि डॉ. विजय कुमार वर्मा (एसोसिएट प्रोफेसर, एमएमएमयूटी, गोरखपुर) तथा विशेष अतिथि अभिषेक कुमार सिंह (राज्य शिक्षक पुरस्कार प्राप्त), एच. आर. इण्टर कॉलेज, खलीलाबाद, संतकबीरनगर रहे। इस अवसर पर प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह , माननीय निदेशक राहुल सिंह जी एवं माननीया निदेशिका श्रीमती अपर्णा सिंह की गरिमामयी उपस्थिति बनी रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह, मुख्य अतिथि विजय कुमार वर्मा जी एवं अभिषेक कुमार सिंह के कर-कमलों से विद्या की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती एवं विद्यालय-संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। तत्पश्चात विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्राओं ने 'सरस्वती वंदना' तथा 'स्वागत गीत' की सजीव प्रस्तुति कर सभी श्रोताओं एवं दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। उसके बाद मुख्य अतिथि महोदय एवं साथ में निर्णायक मण्डल के समस्त सदस्यों द्वारा क्रमशः छात्र-छात्राओं द्वारा प्रदर्शित प्रोजेक्ट (प्रदर्शनी) का गहन व सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। बच्चों द्वारा निर्मित व प्रदर्शित प्रारूपों (मॉडलों) एवं परियोजनाओं ने जहाँ सभी को चमत्कृत किया, व उनके द्वारा किए गए प्रस्तुतीकरण ने सभी का दिल जीत लिया। हर कोई बच्चों की प्रतिभा का गुणगान करता हुआ दिखाई पड़ा।
निर्णायक मण्डल के सदस्यों में:
डॉ. विवेक मणि त्रिपाठी विजय कुमार गुप्ता, उपेन्द्र त्रिपाठी , यशदीप श्रीवास्तव, शैलेश पटवा जी रहे, सभी निर्णायकों ने बच्चों के रचनात्मक प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
डॉ. विजय कुमार वर्मा ने अपने आशीर्वादात्मक संबोधन में छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए प्रारूपों की प्रशंसा की । विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं के प्रयास, परिश्रम व लगन की प्रशंसा करते हुए स्वर्णिम भविष्य की शुभकामना प्रदान की । छात्र-छात्राओं के द्वारा अद्यतन विषयों जैसे— चंद्रयान-3, होलोग्राम, रोबोटिक कार, कार्बन ऑब्जर्बर, डी.एन.ए. मॉडल, माउंटेन रोड सेफ्टी सिस्टम, लेक क्लीनर सिस्टम, वॉटर डिस्पेंसर, वुमन सेफ्टी सिस्टम, इलेक्ट्रिसिटी बाई ग्रेविटी, डिजास्टर अलर्ट सिस्टम, डी.जे. ट्रक, ह्यूमन आई ब्रेन कनेक्शन आदि पर बने प्रारूपों ने सभी लोगों को बरबस आकर्षित किया।
कार्यक्रम के सफल समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती वंदना सिंह ने सभी आगंतुकों— मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि, निर्णायकों, प्रतिभागियों, शिक्षकों एवं मार्गदर्शक सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।



