News: गायघाट नगर पंचायत में छठ पर्व की तैयारियां पूरी, नवनिर्मित स्थाई घाट पर हजारों व्रती महिलाएं करेंगी पूजा-अर्चना

0 NV INDIA


बस्ती। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर नगर पंचायत गायघाट में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। छठ पर्व के अवसर पर कल हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं नवनिर्मित छठ घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगी और छठी मइया की पूजा-अर्चना करेंगी। पर्व को लेकर नगर पंचायत प्रशासन की ओर से घाट की साफ-सफाई, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।



नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बालकृष्ण त्रिपाठी ने बताया कि पहले नगर पंचायत में छठ व्रती महिलाओं के लिए कोई स्थाई घाट नहीं था। इसके चलते महिलाओं और उनके साथ आने वाले परिजनों को पूजा के दौरान काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। श्रद्धालुओं की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पंचायत में स्थाई छठ घाट का निर्माण कराया गया है। इस वर्ष व्रती महिलाओं को पहले की अपेक्षा बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।


उन्होंने बताया कि छठ घाट पर साफ-सफाई के साथ ही व्रती महिलाओं की सुविधा और सहूलियत को ध्यान में रखते हुए तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं। स्थाई घाट का निर्माण होने से महिलाओं को पूजा-अर्चना के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे उन्हें अस्थाई घाटों पर होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी।


बालकृष्ण त्रिपाठी उर्फ पिन्टू बाबा ने कहा कि उनका उद्देश्य नगर पंचायत गायघाट को एक बेहतर और विकसित नगर पंचायत बनाना है। नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं के साथ धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।


छठ पर्व को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह है। घरों में पूजा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। व्रती महिलाएं पारंपरिक रूप से प्रसाद तैयार करने और पूजा सामग्री जुटाने में लगी हैं। नवनिर्मित स्थाई छठ घाट पर इस वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की उम्मीद है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.