पिछले वर्ष देश के शीर्ष 50 जनपदों में शामिल रहा बस्ती, इस वर्ष इंस्पायर अवार्ड–मानक योजना 2026–27 के लिए नामांकन अभियान प्रारम्भ

0 NV INDIA


बस्ती।भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा संचालित इंस्पायर अवार्ड–मानक योजना के अंतर्गत वर्ष 2026–27 के लिए ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 जुलाई 2026 से 15 सितम्बर 2026 तक प्रारम्भ हो गई है। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा निदेशालय, उत्तर प्रदेश द्वारा सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।


उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025–26 में उत्तर प्रदेश ने 2,80,747 ऑनलाइन नामांकन कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए अब तक का सर्वाधिक नामांकन का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। देश में सर्वाधिक नामांकन करने वाले शीर्ष 50 जनपदों में उत्तर प्रदेश के 21 जनपद शामिल हुए थे, जिनमें जनपद बस्ती ने 4,757 ऑनलाइन नामांकन के साथ देश में 40वाँ स्थान प्राप्त कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था। यह उपलब्धि जनपद के शिक्षकों, विद्यार्थियों तथा बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के समन्वित प्रयासों का परिणाम रही।


वर्ष 2026–27 के लिए जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कक्षा 6 से 12 तक अध्ययनरत ऐसे विद्यार्थी, जिनके पास कोई मौलिक, नवाचारी एवं समाजोपयोगी वैज्ञानिक अथवा तकनीकी विचार (Innovation/Idea) है, वे इस योजना के लिए पात्र हैं। प्रत्येक पंजीकृत विद्यालय प्रत्येक वित्तीय वर्ष में अपने विद्यालय के अधिकतम पाँच सर्वश्रेष्ठ विद्यार्थियों के नवाचारी विचारों का ऑनलाइन नामांकन कर सकता है। विद्यालय अपने विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन ई-एमआईएएस (E-MIAS) पोर्टल पर www.inspireawards-dst.gov.in के माध्यम से 15 जुलाई 2026 से 15 सितम्बर 2026 तक कर सकते हैं।


जारी निर्देशों में विद्यालयों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार को बढ़ावा देने, विद्यालय स्तर पर विचार प्रतियोगिताएँ आयोजित करने, यू-डाइस कोड का सत्यापन, नवीन विद्यालयों का पंजीकरण, विद्यार्थियों के बैंक खातों का सत्यापन तथा समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ऑनलाइन नामांकन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बस्ती अनूप कुमार तिवारी ने कहा, "पिछले वर्ष जनपद बस्ती ने देश के शीर्ष 50 जनपदों में स्थान बनाकर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की थी। इस वर्ष हमारा लक्ष्य प्रत्येक परिषदीय विद्यालय तक योजना को प्रभावी ढंग से पहुँचाना तथा अधिक से अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं मौलिक नामांकन कराकर पिछले वर्ष के प्रदर्शन से भी बेहतर परिणाम प्राप्त करना है।"


अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक), बस्ती मंडल संजय शुक्ल ने कहा, "पिछले वर्ष की उपलब्धि पूरे बस्ती मंडल के लिए प्रेरणा है। सभी जिलों में नियमित अनुश्रवण, मार्गदर्शन एवं समन्वय के माध्यम से इंस्पायर योजना को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें।"


जिला विद्यालय निरीक्षक बस्ती संजय सिंह ने कहा, "माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों एवं विज्ञान शिक्षकों को निर्देशित किया गया है कि वे विद्यार्थियों को मौलिक एवं समाजोपयोगी नवाचार विकसित करने के लिए प्रेरित करें। हमारा प्रयास रहेगा कि जनपद बस्ती इस वर्ष भी राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करे।"


जनपद स्तरीय नामित मोटिवेशनल शिक्षक एवं इंस्पायर मानक योजना के जिला नोडल राकेश कुमार पांडे ने बताया, "पिछले वर्ष जनपद बस्ती का देश के शीर्ष 50 जनपदों में शामिल होना प्रत्येक शिक्षक और विद्यार्थी के लिए गर्व का विषय था। इस वर्ष विद्यालय स्तर पर विशेष प्रेरणा अभियान, नवाचार कार्यशालाएँ एवं सतत मार्गदर्शन के माध्यम से अधिकाधिक विद्यार्थियों को योजना से जोड़ा जाएगा। हमारा लक्ष्य केवल नामांकन बढ़ाना नहीं, बल्कि ऐसे मौलिक एवं समाजोपयोगी नवाचार तैयार कराना है जो राष्ट्रीय स्तर पर जनपद बस्ती की नई पहचान स्थापित करें।"


जनपद के सभी बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समयावधि में अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन नामांकन सुनिश्चित कराते हुए जनपद बस्ती को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी जनपदों में स्थान दिलाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएँ।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.