Mau News: वलिदपुर नगर पंचायत में तालाब का गंदा पानी घरों में घुसा, मोहल्लेवासियों में आक्रोश



Mau। जनपद की वलिदपुर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-3 स्थित कोइरीपुरा मोहल्ले में तालाब की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था न होने से लोगों के घरों में गंदा पानी घुस गया है। करीब एक महीने से बनी इस समस्या के कारण स्थानीय लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। दुर्गंध और जलभराव से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर पंचायत प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।


स्थानीय निवासी मोहम्मद इस्लामुद्दीन ने बताया कि तालाब का गंदा पानी नाले के माध्यम से लोगों के घरों में भर रहा है। इससे न केवल घरों में दुर्गंध फैल रही है, बल्कि लोग बाथरूम और शौचालय तक का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में करीब 10 बार नगर पंचायत में शिकायत की जा चुकी है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मोहल्लेवासी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


वहीं मोहम्मद साजिद ने बताया कि उनके घर के आंगन से लेकर शौचालय तक गंदा पानी भर गया है। दुर्गंध के कारण पूरे परिवार का रहना मुश्किल हो गया है। आंगन में पानी जमा होने से हैंडपंप और अन्य जल स्रोतों का उपयोग नहीं हो पा रहा है, जिससे पीने का पानी भी बाहर से खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जलभराव के कारण शौचालय का इस्तेमाल भी बंद हो गया है और मजबूरी में बाहर जाना पड़ रहा है।


इजहारुल हक समेत अन्य मोहल्लेवासियों ने बताया कि यह पोखरा पूरे क्षेत्र के पानी की निकासी का मुख्य स्रोत है, लेकिन निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण तालाब का पानी लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। उनका कहना है कि लगातार जलभराव और गंदगी से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है तथा दुर्गंध के कारण लोगों का खाना-पीना और सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है।


मोहल्लेवासियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष पर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद अध्यक्ष कभी भी मोहल्ले का हाल जानने नहीं आईं। केवल उनके प्रतिनिधि आकर आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया।


इस मामले में उप जिलाधिकारी अर्चना अग्निहोत्री ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। संबंधित अधिशासी अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि तालाब की सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों के घरों में घुसा पानी बाहर निकाला जा सके और समस्या का जल्द समाधान हो।

Comments

Popular posts from this blog

Mau News: मऊ में हुड़दंग मचाने वाले 15 शराबी गिरफ्तार, 4 बाइक सीज

Mau News: शहीद ब्रिगेडियर उस्मान की 78वीं पुण्यतिथि 3 जुलाई को

Mau News : 50 मीटर प्रोन शूटिंग में सूर्यप्रताप ने जीता गोल्ड, मऊ का बढ़ाया गौरव