Mau: सपा सांसद धर्मेंद्र यादव बोले राम मंदिर दान चोरी के आरोपियों के घर अभी तक 'बुलडोजर' क्यों नहीं पहुंचा?

0 News Eye India

मऊ 


में ब्रिगेडियर मुहम्मद उस्मान के 78वें बलिदान दिवस समारोह में पहुंचे सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राम मंदिर दान चोरी मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि 'बड़े लोगों को बचाया जा रहा है' और तंज कसते हुए पूछा कि आखिर आरोपियों के घर अब तक बुलडोजर क्यों नहीं पहुंचा। वहीं मदरसों की जांच और अग्निवीर योजना पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।


मऊ, घोसी तहसील क्षेत्र के बीबीपुर गांव स्थित महावीर चक्र विजेता ब्रिगेडियर मुहम्मद उस्मान की जन्मभूमि पर शुक्रवार को उनके 78वें बलिदान दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी, आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव, मुहम्मदाबाद गोहना विधायक राजेंद्र राम तथा मऊ सदर विधायक अब्बास अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में आजमगढ़ सांसद धर्मेंद्र यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार की नीतियों पर खुलकर निशाना साधा।


अग्निवीर योजना पर बोले— 'चार साल बाद जवानों का होता है अपमान'

अग्निवीर योजना को लेकर पूछे गए सवाल पर धर्मेंद्र यादव ने कहा कि यह योजना युवाओं के स्वाभिमान के अनुरूप नहीं है। उनका कहना था कि चार वर्ष की सेवा के बाद जब जवान वापस समाज में आते हैं तो उन्हें बेरोजगारी का सामना करना पड़ता है, जो उनके सम्मान के विपरीत है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी मानती है कि सेना में भर्ती होने वाला हर नौजवान देश की आजीवन सेवा करना चाहता है।


'मदरसों की जांच बाद में, पहले राम मंदिर मामले में कार्रवाई हो'

प्रदेश में मदरसों की जांच के मुद्दे पर सपा सांसद ने कहा कि सरकार केवल समाज में नफरत फैलाने वाले मुद्दे तलाश रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझ रही है और पहले राम मंदिर दान चोरी मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।


राम मंदिर दान चोरी पर सरकार को घेरा

राम मंदिर दान चोरी प्रकरण पर धर्मेंद्र यादव ने दावा किया कि इस मामले को सबसे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उठाया था। उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन बड़े लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अभी तक राम मंदिर दान चोरी के आरोपियों के घर बुलडोजर नहीं पहुंचा।"


सपा सांसद के इन बयानों के बाद कार्यक्रम का राजनीतिक माहौल और भी गर्म हो गया। उनके बयान को प्रदेश की राजनीति में राम मंदिर दान चोरी प्रकरण और मदरसा जांच के मुद्दे पर सरकार के खिलाफ विपक्ष के नए हमले के रूप में देखा जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.