Mau: पाक्सो एक्ट के वांछित आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, नाबालिग पीड़िता सकुशल बरामद

0 News Eye India

 



मऊ जनपद पुलिस ने पाक्सो एक्ट के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही मामले में नाबालिग पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना दक्षिणटोला पुलिस ने शनिवार को करीब 11:20 बजे कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त चमन प्रजापति (23 वर्ष), निवासी पलीगढ़, थाना सरायलखंसी, जनपद मऊ को रामपुर चकिया अंडरपास से मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया। पुलिस ने पीड़िता को भी बरामद कर आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को हकीकतपुर निवासी सम्भा देवी ने थाना दक्षिणटोला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी नाबालिग भतीजी की सरायलखंसी निवासी चमन प्रजापति से मोबाइल फोन पर बातचीत होती थी। परिवार द्वारा कई बार समझाने के बावजूद दोनों का संपर्क बना रहा। आरोप है कि 26 जून 2026 की रात करीब 1:10 बजे आरोपी नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद भी उसके नहीं मिलने पर तहरीर के आधार पर थाना दक्षिणटोला में पाक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.