NEWS: पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना समय की आवश्यकता — डॉ. प्रवीण सिंह जादौन

0 NV INDIA


बस्ती। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सहकारिता मंत्री  जे.पी.एस. राठौर के आह्वान पर जनपद बस्ती में क्रय  विक्रय सहकारी समिति  बस्ती द्वारा  पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ के निदेशक डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए पौधरोपण किया तथा उपस्थित सहकारी जनों के साथ पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लिया।


इस अवसर पर डॉ. प्रवीण सिंह जादौन ने कहा कि प्रकृति का संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का आजीवन दायित्व है। वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र मानव जीवन के लिए गंभीर चुनौती बनते जा रहे हैं। इन परिस्थितियों में अधिक से अधिक पौधरोपण करना और लगाए गए पौधों का संरक्षण सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।


उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल आर्थिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि सामाजिक और पर्यावरणीय उत्तरदायित्व निभाने का भी सशक्त मंच है।

सहकारी समितियाँ यदि जनभागीदारी के साथ वृक्षारोपण एवं संरक्षण के अभियान को निरंतर आगे बढ़ाएँ, तो प्रदेश को हरित एवं स्वच्छ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए तथा उसे वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाए।


कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के छायादार, फलदार एवं पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। सहकारी समिति के पदाधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।


कार्यक्रम में उपस्थित बस्ती सहकारी क्रय विक्रय समिति के अध्यक्ष राम शंकर यादव ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु और संतुलित पर्यावरण प्रदान करने के लिए आज से ही ठोस प्रयास करने होंगे। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल ऑक्सीजन ही नहीं देते, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता के संरक्षण और प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक को वृक्षों के महत्व को समझते हुए पौधों की सुरक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाना चाहिए।


कार्यक्रम में उपस्थित जिला सहकारी बैंक लि. बस्ती के निदेशक सुनील यादव,सहकार भारती के विभाग संयोजक शिवप्रसाद चौधरी,जिला अध्यक्ष ओमकार चौधरी,सुरेंद्र यादव,आदर्श गौतम, शिवम, राम करन डी. सी. एफ. के वरिष्ठ लिपिक रितेश जी एवं अन्य लोगों ने विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर सामूहिक रूप से यह संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे, उनकी नियमित देखभाल करेंगे तथा अपने आसपास के लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करेंगे। सभी ने हरित, स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.