बस्ती। जिले के प्रसिद्ध भदेश्वर नाथ शिव धाम मंदिर में श्रावण मास के पावन अवसर पर भोर से ही श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव का जलाभिषेक किया जा रहा है। मंदिर परिसर में सुबह से ही हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष गूंज रहे हैं।
तेरस पर्व को लेकर मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। आज रात्रि 12 बजे से बड़ी संख्या में कांवड़िए भगवान भदेश्वर नाथ का पवित्र जल से जलाभिषेक करेंगे। अयोध्या धाम से सरयू नदी का जल लेकर पहुंच रहे कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को जगह-जगह तैनात किया गया है। डीएम, एसपी समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी लगातार मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पूरे मेला क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने कांवड़ यात्रा और जलाभिषेक को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक टीमों को अलर्ट मोड पर रखा है।



