मऊ जिले के रानीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत गोपालपुर रक्षाराय में जल शक्ति मिशन के तहत बन रही पानी की टंकी का निर्माण कार्य एक साल से अधूरा पड़ा है। इसके चलते ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने पिछले चार माह से इस संबंध में शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
परियोजना के तहत शुरुआत में पाइपलाइन बिछाने के लिए गलियों में खुदाई की गई थी। हालांकि, बाद में इन गलियों की मरम्मत ठीक से नहीं की गई। पाइपलाइन के कनेक्शन दिए जा चुके हैं, लेकिन मुख्य टंकी का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिले की कई अन्य ग्राम पंचायतों में जल टंकियों का निर्माण पूरा हो चुका है और वहां घरों तक पानी की आपूर्ति भी शुरू हो गई है। इसके विपरीत, गोपालपुर रक्षाराय के ग्रामीण इस सुविधा से वंचित हैं।
गोपालपुर रक्षाराय गांव के ग्रामीण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी जल शक्ति मिशन योजना का लाभ पाने के लिए प्रशासन से टंकी निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदार तीन साल से काम अधूरा छोड़कर चला गया है, जिससे घर-घर जल पहुंचाने की सरकारी योजना बाधित हो रही है। मनीष यादव, घनश्याम यादव, सुनील और पीपी सहित कई ग्रामीणों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की अपील की है।
इस संबंध में जल शक्ति मिशन के अधिशासी अभियंता शंभू चौधरी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।





