मऊ के चिरैयाकोट थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। सोनभद्र से गिट्टी लादकर मऊ जा रहा एक ट्रक सुल्तानीपुर गांव के पास सड़क पर अचानक आए छुट्टा पशु को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में ट्रक चालक और परिचालक दोनों सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार सुबह लगभग 5 बजे मिर्जाहाजीपुरा-सुल्तानीपुर मार्ग पर हुई। ट्रक चालक मोनू यादव सोनभद्र से गिट्टी लेकर मऊ की ओर जा रहे थे। सुल्तानीपुर ग्राम सभा के पास अचानक एक छुट्टा पशु सड़क पर आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक सड़क किनारे पलट गया।
हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। गनीमत रही कि चालक मोनू यादव और परिचालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई। दोनों को सुरक्षित ट्रक से बाहर निकाल लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। यातायात को सामान्य करने के प्रयास भी जारी हैं।




