बस्ती। दीवानी न्यायालय कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर जिला शाखा बस्ती की आमसभा मंगलवार को अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सभा में शासन स्तर पर लंबित कर्मचारियों की मांगों पर एक माह के भीतर सकारात्मक कार्रवाई किए जाने की मांग मुख्यमंत्री से की गई। कर्मचारियों ने मांगें पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
संघ के अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह ने बताया कि प्रांतीय संघ की ओर से लखनऊ में आमसभा आयोजित कर न्याय पाने के लिए सत्याग्रह का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई महत्वपूर्ण मांगें लंबे समय से शासन स्तर पर लंबित हैं।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में वर्ष 2021-22 से लंबित जिला न्यायालय सेवा नियमावली संशोधन का प्रख्यापन, संविदा कर्मियों के वेतन में बढ़ोतरी एवं नियमितीकरण, लोप हुए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के पद का पुनर्सृजन, पूर्व वेतन 4600 के लिमिटेड कर्मियों को राजपत्रित प्रतिष्ठा तथा मकान किराया भत्ता की दरों का पुनरीक्षण शामिल है।
अध्यक्ष ने बताया कि 13 सितंबर को सदर विधायक के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 2 अक्टूबर को शांतिपूर्ण तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। यदि इसके बावजूद मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 25 अक्टूबर को प्रदेशभर के कर्मचारी लखनऊ पहुंचकर सत्याग्रह आंदोलन में शामिल होंगे।
सभा में मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अनिल कुमार श्रीवास्तव, मुंसरिम आशुतोष मणि त्रिपाठी, जिला सचिव चन्द्र मोहन श्रीवास्तव, मूलचन्द्र शर्मा, आदर्श श्रीवास्तव, सुमित झा सहित बड़ी संख्या में दीवानी न्यायालय कर्मचारी मौजूद रहे।



