कल 25 सितम्बर को 25 हजार से अधिक स्थानों पर होगा आयोजन, ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देशभर में गूंजेगा राष्ट्रस्वर
बस्ती। भारत की राष्ट्रीय चेतना, स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणा और मातृभूमि के प्रति श्रद्धा के अमर गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150वें वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के मार्गदर्शन में देशव्यापी सामूहिक गायन कार्यक्रम ‘नमामि भारतम्’ का आयोजन किया जा रहा है।
इस ऐतिहासिक आयोजन के तहत 25 सितम्बर को सुबह 11 बजे देश के 25 हजार से अधिक स्थानों पर एक करोड़ से अधिक विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोग एक समय, एक स्वर और एक लय में सम्पूर्ण ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे।
विद्या भारती की पहल : कार्यक्रम का उद्देश्य केवल सामूहिक गायन तक सीमित न होकर नई पीढ़ी को ‘वंदे मातरम्’ की ऐतिहासिक यात्रा, उसके राष्ट्रीय महत्व और स्वतंत्रता संग्राम की प्रेरणादायी विरासत से जोड़ना है।
सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर / सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ के माध्यम से देश के विद्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक सहभागिता के केंद्रों को एक सूत्र में जोड़ते हुए राष्ट्रभाव, मातृभूमि के प्रति श्रद्धा, सांस्कृतिक एकात्मता और राष्ट्रीय चेतना को अभिव्यक्त किया जाएगा। विद्या भारती से जुड़े विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों के कार्यक्रमों में विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय समाज के नागरिक भी सहभागी होंगे।
उन्होंने बताया कि ‘नमामि भारतम्’ का एक प्रमुख उद्देश्य यह है कि आज का विद्यार्थी ‘वंदे मातरम्’ को केवल एक गीत के रूप में न जाने, बल्कि उसके पीछे निहित स्वतंत्रता, आत्मसम्मान, मातृभूमि-प्रेम, त्याग, एकता और राष्ट्रीय चेतना के इतिहास को भी समझे। यह कार्यक्रम मातृभूमि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और स्वतंत्रता संग्राम की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का राष्ट्रव्यापी जन-सहभागिता अभियान है।
उन्होंने बताया कि जब देश के हजारों संस्थानों में एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का स्वर गूंजेगा, तब यह आयोजन भारत की भौगोलिक, भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बीच विद्यमान एकात्मता का व्यापक प्रतीक बनेगा। यह दृश्य इस विचार को अभिव्यक्त करेगा कि भारत की शक्ति उसकी विविधता के साथ-साथ उसकी सांस्कृतिक एकात्मता में भी निहित है।
उन्होंने यह भी बताया कि रिकॉर्ड प्रमाणित करने वाली दो प्रमुख संस्थाओं ‘एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ और ‘इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स’ ने ‘नमामि भारतम्’ के तहत सर्वाधिक विद्यार्थियों और जनसमुदाय द्वारा एक साथ ‘वंदे मातरम्’ गायन को प्रमाणीकरण के लिए सूचीबद्ध किया है। दोनों संस्थाओं ने इस उपलब्धि के लिए विद्या भारती के विद्यालयों को बधाई दी है।



